AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday 26 September 2014

किसानों की समृद्धि और विकास को समर्पित है कृषि महोत्सव

किसानों की समृद्धि और विकास को समर्पित है कृषि महोत्सव
महोत्सव को सफल बनाने जन-प्रतिनिधि आगे आयें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गुरूवार को आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में दिए निर्देश



खण्डवा (26, सितम्बर,2014) - गुरूवार को आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जन-प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे 25 सितम्बर से शुरू हो चुके कृषि महोत्सव की विभिन्न गतिविधियों में भाग लें और किसानों  की उपलब्धियों का सम्मान करते हुए उनका उत्साहवर्धन करें। उन्होंने जन-प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि 2 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले ’स्वच्छ भारत’ अभियान को सफल बनाने के लिये समाज के हर सदस्य को इस अभियान से जोड़ें। 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज यहाँ मंत्रालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जन-प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कृषि महोत्सव के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृषि महोत्सव किसानों की समृद्धि और विकास को समर्पित है। जिलों, विकासखण्डों और आदर्श गाँवों को कृषि एवं इससे जुड़ी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिलों, विकासखण्डों, गाँवों में कृषि रथ पहुँचने की तारीख और समय की जानकारी किसानों को पहले से मिल जाना चाहिए। इससे वे समय निकाल कर कृषि रथ के स्वागत के लिये उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि में 24.99 प्रतिशत वृद्धि दर का रिकार्ड बनाने की उपलब्धि एक पड़ाव मात्र है। अभी और आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि खेती के साथ पशुपालन, मछली पालन को बढ़ावा देना जरूरी है। खेती को लाभकारी बनाने के हर प्रयास और तकनीकी की जानकारी गाँव-गाँव में हर किसान तक पहुँचना चाहिए। मंत्री, विधायक, पंचायतों के जन-प्रतिनिधि सक्रिय रूप से कृषि महोत्सव में भाग लें और किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन दें। अपने स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास भी करें।
श्री चौहान ने जन-प्रतिनिधियों को बताया कि कृषि महोत्सव के दौरान विकासखण्ड और गाँव स्तर पर कृषि विशेषज्ञों का भ्रमण होगा। इन विशेषज्ञों के ज्ञान का भरपूर लाभ किसानों को मिलना चाहिए। उन्होंने स्व-सहायता समूहों, अशासकीय संगठनों, प्रगतिशील किसानों को कृषि महोत्सव की गतिविधियों से जोड़ें।
श्री चौहान ने कृषि में यंत्रों के उपयोग के लाभ गिनाते हुए महोत्सव में माइक्रो इरीगेशन जैसी तकनीक को लोकप्रिय बनाने की पहल करने का आग्रह किया। जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने, जल उपभोक्ता संथाओं को सक्रिय बनाने, खसरा-खतौनी उपलब्ध करवाने का भी आग्रह किया।
स्वच्छ भारत - स्वच्छ मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दो अक्टूबर से शुरू होने वाले स्वच्छ भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने और स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के कार्यक्रम संचालित किये जायेंगे। प्रधानमंत्री की सोच और राज्य की इच्छाशक्ति के चलते इस अभियान को प्रत्येक नागरिक का अभियान बनाना होगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि अभियान के लिये पहले चरण में दो अक्टूबर तक सभी जन-प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में वातावरण निर्माण करेंगे। दो अक्टूबर को मुख्य सचिव से लेकर निचले स्तर तक हर शासकीय कर्मचारी अभियान में भाग लेगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अभियान का नेतृत्व करेंगे। हर नागरिक इस अभियान में भागीदारी करेगा। स्वच्छता के लिये हर नागरिक अपने-अपने स्तर पर प्रचार भी कर सकता है। शालाओं के बच्चे सक्रिय रूप से इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि ज्ञान के मंदिर शालाओं की सफाई करना कोई बुरा काम नहीं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों, महाविद्यालयों, शालाओं, सब्जी मंडियों, सड़कों के किनारों और जहाँ-जहाँ कचरा इकट्ठा होता है वहाँ की सफाई की जिम्मेदारी नागरिकों को आगे बढ़कर लेना होगी। स्वच्छता बनाये रखना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 2 अक्टूबर से 19 नवम्बर तक की गतिविधियों की जानकारी देते हुये जन-प्रतिनिधियों से कहा कि वे गाँवों, शहरों, कस्बों की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों के हिसाब से स्वच्छता कार्यक्रम बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 तक खुले में शौच जाने की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लेना होगा। इसके लिये हर घर में शौचालय होना जरूरी है।
पन्ना, ग्वालियर, छतरपुर, बैतूल, खण्डवा से जन-प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को उनके क्षेत्रों में चल रहे रचनात्मक प्रयासों की जानकारी दी और कृषि महोत्सव एवं स्वच्छ भारत अभियान के संबंध में सुझाव भी दिये। मुख्यमंत्री ने जन-प्रतिनिधियों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि संसाधनों की कमी या अधिकता से ज्यादा जरूरी है मानसिकता बदलना। मुख्यमंत्री को संभागायुक्तों ने कृषि महोत्सव की तैयारी और कार्यक्रमों के संचालन के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर वीडियो कांफ्रेंसिंग में खण्डवा से जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर , खण्डवा विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा, मांधाता विधायक श्री लोकेन्द्र सिंह तोमर, पंधाना विधायक योगिता नवल सिंह बोरकर, समेत कलेक्टर श्री महेश अग्रवाल और सीईओ जिला पंचायत अमित तोमर भी उपस्थित थे। 
   क्रमांक/124/2014/1496/वर्मा

No comments:

Post a Comment