AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Sunday 19 October 2014

जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला सम्पन्न


जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला सम्पन्न तीन दिवसीय मेले में 12 हजार से अधिक किसानों ने जानी बेहतर कृषि उत्पादन की तकनीक
हमारा देश, कृषि प्रधान देश - केन्द्रीय मंत्री श्री गेहलोत
कृषि, किसान, ग्रामीणों में अपनी आत्मा डाले तब होगा सपना पूरा - मंत्री श्री शाह
किसान भाईयों को जागरूक करने की परिकल्पना कृषि महोत्सव - सांसद श्री चौहान













खण्डवा (17,अक्टूबर,2014) - कृषि महोत्सव के अंतर्गत जिले के किसानो को बेहतर कृषि उत्पादन की नवीनतम तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेले का आज समापन हो गया। पुरानी कृषि उपज मण्डी प्रांगण में आयोजित कृषि विज्ञान मेले के समापन समारोह में देश के केन्द्रीय मंत्री सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय श्री थावरचंद गेहलोत ने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश है। किसान और कृषि हमारे देश की पहचान है। जिनके लिए बेहतर से बेहतर योजनाओं का निर्माण और उसका बेहतर क्रियान्वयन शिवराज सरकार ने कराया है, जो कि सराहनीय है। इसके साथ ही उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानो को दिए जा रहे ऋण जैसे क्रांतिकारी निर्णय की भी प्रशंसा की। केन्द्रीय मंत्री श्री गेहलोत ने कहा कि ऐसा करने वाला पूरे वर्ष में मध्यप्रदेश एक इकलोता राज्य है। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मॉं सरस्वती के चित्रपट पर माल्यार्पण एवं दिप प्रज्जवल के साथ हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री महेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में नई परंपरा को अपनाते हुए उपस्थित अतिथियों का स्वागत अनाज देकर किया गया। 
         इसके साथ ही तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेले के समापन समारोह के अवसर पर प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री कॅुंवर श्री विजय शाह ने भी जिले में कृषि महोत्सव के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा किए गए बेहतर कार्य की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक हम और हमारे प्रशासनिक ढॉंचे का बड़े से लेकर छोटे से छोटा संबंधी अधिकारी कर्मचारी कृषि, किसान, और ग्रामीणों के विकास में अपनी आत्मा नही डालेगा तब तक विकास संभव नही है। इसलिए हमें समन्वित रूप से सार्थक प्रयास करने होंगे। ताकि हमारा किसान नवीन तकनीकों का उपयोग कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सके और खेती लाभ का धंधा बन सके। 
         इसी कड़ी में खण्डवा संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान ने भी निमाड़ के किसानो से कृषि महोत्सव के दौरान दी गई जानकारियों और सिखायें गए प्रदर्शनों को अपने खेतो पर उतारने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि महोत्सव की परिकल्पना मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश के किसनों को जागरूक करने के लिए है। ताकि प्रदेश के किसान भाई शासन द्वारा उनके लिए चलाई जा रही जनहितेषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सके। साथ ही जागरूकता के साथ उन योजनाओं का लाभ ले सके। प्रदेश का एक-एक किसान इस कृषि महोत्सव के माध्यम से जागरूक हो यही इस अभियान का मूलमंत्र रहा है। 
        इसके साथ ही कार्यक्रम के पूर्व में कलेक्टर श्री महेश अग्रवाल ने स्वागत भाषण के दौरान 25 सितम्बर से लेकर 20 अक्टूबर तक चलाये जा रहे कृषि महोत्सव के दौरान संचालित सभी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कृृषि महोत्सव की अवधि के अतिरिक्त भी सभी संबंधित अधिकारियों को साल के 365 दिन किसानो की समस्याओं का निराकरण करने के लिए गॉव-गॉव जाकर खेत -खेत जाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए है। 
         तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेले में पंजीयन की अधिक जानकारी देते हुए उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने बताया कि मेले में तीसरे दिन 5 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन हुआ। इस प्रकार तकरीबन 12 हजार से अधिक किसानों ने मेले में आकर बेहतर कृषि उत्पादन की तरकीब सीखी है। 
किया सम्मानित - वितरित किए बीज - कृषि विज्ञान मेले में लगाई गई प्रदर्शनियों मंे उत्कृष्ट प्रदर्शनी लगाने पर  समापन समारोह के अवसर पर मुख्यअतिथियों द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र को सम्मानित भी किया गया। वही सूरजधारा योजना के अंतर्गत 75 फीसदी अनुदान पर किसानो को बीज भी वितरित किए गए। 
तकनीकी सत्र का हुआ आयोजन - समापन के पूर्व नियमित तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया जिसमें कृषि वैज्ञानिकों एवं प्रगतिशील कृषकों ने अपने अनुभवों से कृषकों का ज्ञानवर्धन किया। इस अवसर पर गतवर्षो की भॉंति लकी ड्रा भी खोला गया जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः स्पाइरल ग्रेडर, स्प्रे पंप एवं किसान टार्च विजेताओं को प्रदान की गई साथ ही मेले में शामिल हुई कंपनियों/संस्थाओं को भी प्रशंसा पत्र प्रदान किये गये। इस अवसर पर भारत शासन द्वारा संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण अन्तर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कृषकों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। 
         समापन समारोह के अवसर पर महापौर श्रीमती भावना शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर, विधायक पंधाना श्रीमती योगिता नवल सिंह बोरकर, विधायक मांधाता श्री लोकेन्द्र सिंह तोमर, कृषि उपज मण्डी के अध्यक्ष श्री मोहे , जनपद पंचायत खण्डवा अध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान समेत जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे। 
                क्रमांक/70/2014/1589/वर्मा 

No comments:

Post a Comment