AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Monday 31 December 2018

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ओंकार महोत्सव सम्पन्न

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ओंकार महोत्सव सम्पन्न  



खण्डवा 31 दिसम्बर, 2018 - कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बताया कि ओंकार महोत्सव के दूसरे दिन की शुरूआत योग एवं ध्यान के  कार्यक्रम के साथ हुई, जिसमें सैकड़ों पर्यटक शामिल हुए। प्रातःकाल में ही वन्य भ्रमण फाॅरेस्ट ट्रेल कार्यक्रम आयोजित किया गया। हेरिटेज वाॅक का कार्यक्रम ओंकार पर्वत पर स्थित परिक्रमा पथ पर आयोजित किया गया, जिसमें पर्यटकों ने ओंकारेश्वर की विरासत एवं प्राचीन मंदिरों की जानकारी प्राप्त की। प्रातःकाल में ही नर्मदा तट पर रूद्राभिषेक कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ। इसके साथ ही ओंकारेश्वर के सैलानी में आयोजित वाॅटर स्पोर्टस कार्यक्रम का आनंद भी सैकड़ो पर्यटकों ने लिया। ओंकार महोत्सव के दूसरे दिन भी यहां आने वाले हजारों पर्यटकों ने फूड फेयर ‘‘चटोरा चटखारा‘‘ में पहुंचकर मालवी व निमाड़ी मनपसंद स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखा। ओंकार महोत्सव के दूसरे दिन सैकड़ों पर्यटकों का आगमन हुआ। इस दौरान आयोजित  ओंकार क्राफ्ट मेले में पर्यटकों ने अपनी पसंद की कलात्मक वस्तुओं की खरीददारी भी की। 
प्रथम बटालियन इंदौर के पुलिस बैंड द्वारा भी ओंकार महोत्सव के दूसरे दिन अपनी प्रस्तुति दी गई। सायंकाल में नर्मदा आरती का आनंद मेले में आए पर्यटकों ने लिया। संध्याकाल में माॅं नर्मदा के तट पर स्थित अभय घाट पर नृत्यंजली समूह द्वारा भरतनाट्यम कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसके बाद प्रिंस  डांस ग्रुप द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘‘नटराज‘‘, ‘‘कृष्णा‘‘ एवं ‘‘दशावतार‘‘ प्रस्तुत किये गये। श्रोताओं ने देश के जाने माने जिटार वादक नीलाद्रि कुमार की प्रस्तुति का आनंद लिया। इसके बाद सुश्री अमृता जोशी ने आकर्षक कत्थक नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में सुश्री सुनीता भुयान का वायलीन वादन सम्पन्न हुआ, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। इसके साथ ही सुनीता भुयान व अमृता जोशी की जुगलबंदी ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। 

No comments:

Post a Comment