AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Saturday 30 January 2021

प्रदेश सरकार की योजनाओं से किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी - विधायक श्री वर्मा

 प्रदेश सरकार की योजनाओं से किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी 
- विधायक श्री वर्मा





खण्डवा 30 जनवरी, 2021 - विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा ने कहा है कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना प्रारंभ की गई है। इस योजना के तहत कृषकों को वर्ष में 2-2 हजार रूपये की तीन समान किश्तों में कुल राशि रूपये 6 हजार का भुगतान किया जाता है। इस योजना के साथ ही राज्य शासन द्वारा भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना प्रारंभ की गई है, जिसमें प्रत्येक वित्तीय वर्ष में दो-दो हजार रूपये की किश्तों में कुल राशि 4 हजार का भुगतान किसानों को किया जाता है। इस तरह किसानों को हर वर्ष 10 हजार रूपये की नगद सहायता मिलेगी। विधायक श्री वर्मा कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सागर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का सीधा प्रसारण भी उपस्थित किसानों ने देखा। कार्यक्रम में देवास से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री वी.डी. शर्मा ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभिन्न जिलों में उपस्थित किसानों से इस दौरान वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से चर्चा कर जानकारी ली। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री एस.एल. सिंघाडे, एसडीएम खण्डवा श्री संजीव पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर श्री अशोक जाधव सहित कृषि, सहकारिता व उद्यानिकी विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सेवादास पटेल ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसान हितेषी सरकार है। प्रदेश सरकार खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए कार्य कर रही है। किसानों के लिए फसल बीमा योजना लागू की गई है तथा प्राकृतिक आपदा से किसानों को फसल क्षति होने पर पहले से अधिक राशि मुआवजे के रूप में उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने राजस्व पुस्तक परिपत्र में संशोधन किया है। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री वर्मा ने महात्मा गांधी व भगवान बलराम के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा कन्या पूजन कर किया। कार्यक्रम का संचालन श्री संदीप जोशी ने किया तथा कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन श्री सुधांशु जैन ने किया।

No comments:

Post a Comment