AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Monday 24 February 2014

पेड-न्यूज के नियंत्रण में जनसंपर्क अधिकारियों की महती भूमिका

पेड-न्यूज के नियंत्रण में जनसंपर्क अधिकारियों की महती भूमिका
जनसंपर्क अधिकारियों को पेड-न्यूज और एम.सी.एम.सी. का प्रशिक्षण
मध्यप्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पेड-न्यूज के नियंत्रण और एम.सी.एम.सी. (मीडिया सर्टिफिकेशन एण्ड मीडिया मॉनीटरिंग) की कार्यवाही में जनसंपर्क विभाग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिलों में पेड-न्यूज के मामलों की पहचान कर उनमें समुचित कार्यवाही की गई है। जिला एम.सी.एम.सी. का सदस्य सचिव होने के नाते पेड-न्यूज के नियंत्रण और उस पर कार्यवाही में जनसंपर्क अधिकारियों की महती भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह जानकारी आज जिला जनसंपर्क अधिकारियों के लिये पेड-न्यूज, एम.सी.एम.सी. और स्वीप गतिविधियों पर आयोजित प्रशिक्षण में दी गई। आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित प्रशिक्षण में प्रशिक्षण प्रेक्षक श्री वी.सी. रावत, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री एस.एस. बंसल और जनसंपर्क के अपर सचिव एवं अपर संचालक श्री लाजपत आहूजा विशेष रूप से उपस्थित थे।
श्री एस.एस. बंसल ने जनसंपर्क अधिकारियों को पेड-न्यूज पर रोक लगाने के लिये निर्वाचन आयोग द्वारा सुझाये गये उपायों से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि आयोग ने पेड-न्यूज की जाँच के लिये जिला और राज्य-स्तर पर एम.सी.एम.सी. का गठन किया है। श्री बंसल ने अधिकारियों को आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान स्व-विवेक से पेड-न्यूज की पहचान तथा उस पर निर्देशानुसार कार्यवाही करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि जिलों में मीडिया समूह और राजनीतिक दलों को इसके बारे में सतर्कता बरतने के लिये भी कहा जाना चाहिये। श्री बंसल ने एम.सी.एम.सी. के दायित्व, राज्य-स्तरीय एम.सी.एम.सी., अपील प्रक्रिया आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
श्री लाजपत आहूजा ने पिछले विधानसभा चुनाव में विभागीय अधिकारियों की उल्लेखनीय भूमिका को रेखांकित करते हुए आगामी चुनाव में पुनरू इस कार्य को सजगता के साथ करने को कहा। उन्होंने बताया कि विगत विधानसभा चुनाव में निर्वाचन संचालन संबंधी प्रक्रिया के अलावा मतदाता जागरूकता अभियान, पेड-न्यूज और एम.सी.एम.सी. सहित विभिन्न विषय का मीडिया प्लॉन बनाकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। श्री आहूजा ने जिलों में पेड-न्यूज और एम.सी.एम.सी. के कार्य में आवश्यक अमला तैनात करने के संबंध में जिला कलेक्टर को सीईओ कार्यालय द्वारा निर्देशित किये जाने का अनुरोध भी किया। स्वीप के स्टेट नोडल ऑफीसर श्री संजय सिंह बघेल ने स्वीप गतिविधियों से अवगत करवाया।
प्रारंभ में श्री रावत और अन्य अतिथियों ने दीप जला कर प्रशिक्षण की शुरूआत की। उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सी.पी. निगम, सेवानिवृत्त अपर संचालक जनसंपर्क श्री एस.के. आवतरमानी, संयुक्त संचालक जनसंपर्क ग्वालियर श्री एच.एल. चौधरी, उप संचालक जबलपुर श्री अतुल खरे, टीकमगढ़ की सहायक सूचना अधिकारी सुश्री शेफाली तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन नोडल ऑफीसर मीडिया मैनेजमेंट श्री प्रलय श्रीवास्तव ने किया।
क्रमांक: 130/2014/334



No comments:

Post a Comment