‘‘आपकी सरकार आपके द्वार‘‘ कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करें
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने वीडियो कान्फे्रंस में सभी कलेक्टर्स को दिए निर्देश
खण्डवा 9 जुलाई, 2019 - प्रदेश के नागरिकों विशेष रूप से ग्रामीण रहवासियों की समस्याओं के निराकरण और विकास के सुझावों पर अमल के लिये आगामी 1 अगस्त से ‘‘आपकी सरकार आपके द्वार‘‘ की शुरूआत हो रही है। इस कार्यक्रम का अपने जिले में व्यापक प्रचार प्रसार करायें तथा सभी जिला कलेक्टर आगामी तीन माह के लिये ग्राम भ्रमण और शिविर निर्धारित कर हर माह दो भ्रमण कार्यक्रम और शिविर आयोजित करें और कोशिश करे कि अधिक से अधिक ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण इस कार्यक्रम के तहत हो सके। यह निर्देश प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने मंगलवार शाम को आयोजित जन अधिकार कार्यक्रम के तहत आयोजित वीडियो कान्फ्रेंस में उपस्थित कलेक्टर्स को दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की जानकारी जिले के सभी जन-प्रतिनिधियों को भी दी जायेगी। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने निर्देश दिए कि शिविर के लिये विकासखण्ड मुख्यालय या विकासखण्ड के ऐसे गाँव का चयन किया जायेगा, जहाँ साप्ताहिक बाजार या हाट भरता हो। उन्होंने वीडियो कान्फे्रंस के दौरान उज्जैन, शहडोल, गुना, टीकमगढ़, राजगढ़, सागर जिलों सहित विभिन्न कलेक्टर्स से चर्चा की तथा निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की ही तर्ज पर डिस्ट्रिक्ट हेल्पलाइन भी प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
No comments:
Post a Comment