ग्राम अंधारवाड़ी में हितग्राही सम्पर्क शिविर सम्पन्न
खण्डवा 12 फरवरी, 2021 - जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित वन ग्रामों में रहने वाले वनवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण करने तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देकर योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी के निर्देश पर हितग्राही सम्पर्क शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को बलड़ी विकासखण्ड की दूरस्थ पंचायत पामाखेड़ी के ग्राम अंधारवाड़ी में हितग्राही संपर्क शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, अपर कलेक्टर श्री एस.एल. सिंघाड़े, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के. आर. कानूड़े, सांसद प्रतिनिधि श्री गोविंद सिंह, विधायक प्रतिनिधि श्री दीपक पटेल के अलावा विभिन्न विभागों के जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे। शिविर का शुभारंभ कन्या पूजन कर किया गया।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती कुशरे ने इस अवसर पर ग्रामीणों से कहा कि ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देने तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के उद्देश्य से ये शिविर आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्राम के लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला व विकासखण्ड मुख्यालय तक जाने में पहुंच कठिनाई होती है, उनकी इस परेशानी को ध्यान में रखते हुए दूरस्थ ग्रामों में हितग्राही सम्पर्क शिविर आयोजित किए जा रहे है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती कुशरे ने शिविर में 7 स्वसहायता समूहों को आत्म निर्भर बनाने के उद्देश्य से 1-1 लाख रूपये की सीसी लिमिट संबंधी कागजात सौंपे। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.आर. कानूड़े ने बताया कि ग्राम अंधारवाड़ी के शिविर में कुल 29 आवेदन ग्रामीणों की ओर से प्राप्त हुए, जिनमें से 20 का निराकरण मौके पर ही किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए आवेदकों को समय सीमा बता दी गई है तथा समय सीमा में आवेदनों का निराकरण कर दिया जायेगा।

No comments:
Post a Comment