AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Sunday, 13 October 2019

चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ. साधौ ने खण्डवा मेडिकल काॅलेज का किया निरीक्षण

चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ. साधौ ने खण्डवा मेडिकल काॅलेज का किया निरीक्षण
चिकित्सा शिक्षा विभाग की बैठक में की विस्तार से समीक्षा 


खण्डवा 13 अक्टूबर, 2019 - प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा विभाग की मंत्री डाॅ. विजय लक्ष्मी साधौ ने रविवार को मेडिकल काॅलेज खण्डवा में चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर मेडिकल काॅलेज भवन,  परिसर व जिला चिकित्सालय लिए स्वीकृत नवीन भवन के विकास के लिए स्वीकृत कार्यो की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डाॅ. संजय दादू व पीआईयू के कार्यपालन यंत्री श्री शर्मा व अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ. साधौ ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय के शेष कार्य को गुणवत्ता के निर्धारित स्तर का पालन करते हुए शीघ्रता से पूर्ण कराया जाये। उन्होंने मेडिकल काॅलेज में स्वीकृत पदों व रिक्त पदों की जानकारी भी बैठक में ली। उन्होंने बताया कि  सरकार ने प्रदेश में 11 नये मेडिकल काॅलेज स्वीकृत करने के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 13 मेडिकल काॅलेज प्रदेश में संचालित है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ. साधौ ने चिकित्सा महाविद्यालय के डाॅक्टर्स से कहा कि जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों का उपचार सेवाभाव के साथ करें। 
चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ. साधौ ने बैठक के बाद मेडिकल काॅलेज भवन का निरीक्षण किया तथा निरीक्षण के दौरान जिन कार्यो में तकनीकी त्रुटि पाई गई उसे तत्काल सही कराने के निर्देश निर्माण एजेंसी को दिए। बैठक में बताया गया कि मेडिकल काॅलेज के विकास के लिए कुल 200 करोड़ रूपये के कार्य स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से लगभग 170 करोड़ के कार्य पूर्ण हो चुके है। कार्यपालन यंत्री पीआईयू ने बताया कि मार्च 2019 तक 154.31 करोड़ रूपये इन कार्यो पर व्यय हो चुके थे तथा इस वित्तीय वर्ष में अब तक 14.04 करोड़ रूपये का व्यय मेडिकल काॅलेज के विकास कार्य पर हो चुका है। 

No comments:

Post a Comment