अतिवृष्टि से हुई क्षति के आकलन के लिए आज आयेगा केन्द्रीय दल
खण्डवा 14 अक्टूबर, 2019 - खण्डवा जिले में गत दिनों हुई अतिवृष्टि से हुई क्षति के आकलन के लिए भारत सरकार के अधिकारियों का अंतर्विभागीय दल 15 अक्टूबर को खण्डवा जिले की पुनासा तहसील के विभिन्न ग्रामों का दौरा करेगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह ने बताया कि भारत सरकार के अधिकारियों के इस दल में गृह विभाग भारत सरकार नई दिल्ली के संयुक्त सचिव श्री एस.के. सांई, वित्त मंत्रालय भारत सरकार के व्यय विभाग के निर्देशक श्री अमरनाथ सिंह एवं ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार के सहायक संचालक श्री सुमित गोयल शामिल है। श्री रोशन सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिकारियों का यह दल धार, खरगोन एवं बड़वानी जिलों का दौरा कर रात्रि विश्राम खरगोन में करेगा। इसके बाद 15 अक्टूबर को खण्डवा जिले में प्रातः 9 बजे पुनासा तहसील के ग्राम सुलगांव, नेतनगांव, मथेला व करेली ग्रामों का दौरा करेगा। खण्डवा जिले का दौरा करने के बाद केन्द्रीय दल के अधिकारी रात्रि विश्राम इंदौर में करेंगे तथा 16 अक्टूबर को देवास जिले के ग्रामों में अतिवृष्टि से हुई क्षति का जायजा लेकर भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
No comments:
Post a Comment