मद्य निषेध सप्ताह के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के पुरूस्कार वितरित
खण्डवा 15 अक्टूबर, 2019 - सामाजिक न्याय विभाग एवं श्री दादाजी नशा मुक्ति केंद्र रामनगर खंडवा द्वारा सोमवार को श्री रायचंद नागडा उत्कृष्ट विद्यालय में मद्य निषेध सप्ताह का समापन किया गया। कार्यक्रम में उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय श्री आर.के. सेन, प्राचार्य नेहरू स्कूल श्री संजीव मंडलोई उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मॉं सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सोलंकी ने बताया कि मद्य निषेध सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रमों में शासकीय रामनगर स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता, गणेश तलाई स्कूल में निबंध प्रतियोगिता, शासकीय सूरजकुंड स्कूल में मद्य निषेध विषय पर निबंध प्रतियोगिता, शासकीय नेहरू स्कूल में गांधी विचारधारा विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता, श्री रायचंद नागड़ा उत्कृष्ट विद्यालय में नशा एक अभिशाप विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह देकर प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।
साथ ही मुख्य अतिथि उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी द्वारा बच्चों को नशा न करने की शपथ करवाई गई। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग से कलापथक दल ने नशा मुक्ति भजनों की प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा काउंसलर अनीता सिंह द्वारा बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर काउंसलर राहुल राठवे द्वारा बच्चों को नशा न करने से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक भारती पाराशर एवं आभार डॉ ज्ञानेश्वर अत्रे द्वारा माना गया।

No comments:
Post a Comment