AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday 25 October 2019

नगर निगम आयुक्तों और सीएमओ को प्रातःकाल में शहर भ्रमण के निर्देश

नगर निगम आयुक्तों और सीएमओ को प्रातःकाल में शहर भ्रमण के निर्देश 

खण्डवा 25 अक्टूबर, 2019 - स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 के कार्यों को तत्परता से करवाने के लिये प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री संजय दुबे ने प्रदेश के सभी नगर निगम आयुक्तों और मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को सुबह 6 से 9 बजे तक फील्ड में रहने के निर्देश दिये हैं। प्रमुख सचिव श्री दुबे ने कहा है कि सभी कचरा संग्रहण वाहन निर्धारित रूट पर समय पर जायें और वाहन में हेल्पर भी रहें। प्रमुख सचिव श्री दुबे ने निर्देश दिए है कि अधिकारी हर दिन किसी एक रूट में घर-घर कचरा वाहन पहुँचने और कचरा संग्रहण की व्यवस्था देखें और भ्रमण के दौरान स्थानीय रहवासियों और जनप्रतिनिधियों को कचरा बाहर नहीं फेंकने और गाडि़यों में गीला-सूखा कचरा अलग-अलग देने के संबंध में समझाइश भी दे। इसके साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए है कि नागरिकों से जलप्रदाय, सीवेज, हरियाली, सड़कों आदि के संबंध में जानकारी लेकर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करवायें जायें। 
            प्रमुख सचिव श्री दुबे ने व्यावसायिक क्षेत्रों में चल रही रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था की सतत मॉनीटरिंग करने के निर्देश भी दिए है। नगरीय निकायों के स्वच्छता कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि भ्रमण के दौरान यह सुनिश्चित करें कि सभी सफाई मित्र निर्धारित स्थल पर सुबह 7 बजे से अपना कार्य प्रारंभ कर दें। नगर में खुले में शौच के संभावित स्थलों और सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण कर ओडीएफ प्लस के मानदण्डों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी श्री संजय दुबे ने दिए है। जारी निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।

No comments:

Post a Comment