AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday, 11 October 2019

प्याज की जमाखोरी रोकने के लिए अधिकारियों के दल गठित

प्याज की जमाखोरी रोकने के लिए अधिकारियों के दल गठित
थोक विक्रेता अधिकतम 50 टन तथा फुटकर विक्रेता 10 टन प्याज रख सकेंगे

 खण्डवा 11 अक्टूबर, 2019 - विगत कुछ दिनों से प्याज की अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी हुई इसके संबंध में मध्यप्रदेश शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्रालय भोपाल से प्राप्त निर्देशों के तहत प्याज को आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 तथा चोर बाजारी निवारण एवं आवश्यक वस्तु प्रदाय अधिनियम 1980 के वैधानिक प्रावधानों में शामिल किया गया है तथा प्याज पर स्टॉक लिमिट लगाई गई है। इसके तहत थोक व्यापारियों पर 50 मे. टन एवं फुटकर व्यापारियों 10 मे. टन अधिकतम सीमा रखी गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आर.के. शुक्ला ने बताया कि प्याज के व्यापारियों की सतत व आकस्मिक रूप से जांच की जायेगी एवं अनियमितता पाये जाने पर प्रावधानों के अंतर्गत कार्यवाही की जायेगी। व्यापारीगण प्याज के क्रय विक्रय एवं भण्डारण दैनिक लेखा का संधारण करेंगे एवं स्टॉक का ब्यौरा, दर कारोबार स्थल पर प्रदर्शित करेंगे व जांच के दौरान प्रस्तुत करेंगे। 
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री शुक्ला ने बताया कि प्याज की जमाखोरी रोकने के लिए जिला व अनुभाग स्तर पर अधिकारियों के दल गठित किए गए है। जारी आदेश अनुसार जिला स्तरीय दल में जिला आपूर्ति अधिकारी के अलावा सहायक संचालक उद्यानिकी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी खण्डवा व निरीक्षक नापतौल को शामिल किया गया है। जबकि अनुभाग स्तरीय दलों में संबंधित तहसीलदार व वहां के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह आदेश 30 नवम्बर तक प्रभावशील रहेगा।

No comments:

Post a Comment