AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Sunday 31 August 2014

राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का हर दिन खास होगा गतिविधियों का केलेण्डर जारी

राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का हर दिन खास होगा
गतिविधियों का केलेण्डर जारी

खण्डवा (30 अगस्त,2014) - राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का हर दिन खास होगा। पोषण आहार से जुड़े विभिन्न पहलु पर इस दौरान संबंधित को जानकारी दी जाएगी। एक से 7 सितम्बर तक चलने वाले इस अभियान का केलेण्डर जारी कर दिया गया है।
सप्ताह में होने वाली गतिविधियों के लिए आँगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है। सप्ताह के पहले दिन एक सितम्बर को लोहा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन ग्राम स्वास्थ्य  तदर्थ समिति, पोषण मित्र और पोषण सहयोगिनी के साथ संवाद होगा। इसमें आयरन के महत्व और किस-किस में यह पाया जाता है उसकी जानकारी दी जाएगी। दो सितम्बर को केल्शियम दिवस मनाया जाएगा। इस दिन किशोरी बालिकाओं के सखी-सहेली समूह को उनके जीवन में केल्शियम की जरूरत संबंधी जानकारी दी जाएगी।
सप्ताह का तीसरा दिन विटामिन दिवस होगा। इसमें सुपोषण अभियान के दौरान लगे शिविर में 6 माह के जिन बच्चों को सुपोषित बनाया गया था उन बच्चों के घर-घर जाकर इस बात का परीक्षण किया जाएगा कि उन्हें पूर्ववत विटामिनयुक्त भोजन मिल रहा है या नहीं। चौथे दिन 4 सितम्बर को एक वर्ष के बच्चों के घर-घर जाकर स्नेह शिविर में बताये गए अनुसार उन्हें पोषण आहार मिल रहा है या नहीं, की जानकारी ली जाएगी।
सप्ताह के पाँचवें दिन व्यंजन प्रतियोगिता होगी। इसे प्रोटीन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। बच्चों की माताओं को, खाने में क्या खाना चाहिए जिससे उन्हें और बच्चों को प्रोटीन मिले, की जानकारी दी जाएगी। छठवें दिन 6 सितम्बर को आयोडीन एवं संतुलित आहार दिवस होगा। इस दिन किशोर बालिकाओं के लिए संतुलित आहार थाली प्रतियोगिता होगी। इसमें खाने में आयोडीन नमक और संतुलित आहार के महत्व के बारे में बताया जाएगा। सात सितम्बर को जिंक दिवस होगा। इसमें ओ.आर.एस. घोल के बारे में जानकारी देने के साथ ही स्वस्थ किशोरी प्रतियोगिता होगी।
   क्रमांक/159/2014/1367/वर्मा

No comments:

Post a Comment