स्थानीय निकाय निर्वाचन में प्रमुख घटनाओं की वीडियोग्राफी कराई जायेगी
खण्डवा 8 मार्च, 2021 - आगामी दिनों में आयोजित होने वाले नगरीय निकाय व पंचायत निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देश जारी किए गए है कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण घटनाओं की वीडियोग्राफी कराई जाये। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े ने जिले के सभी एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देश दिए है कि मतदान दिवस के एक दिन पूर्व, मतदान के दिन, तथा मतगणना के दौरान ईव्हीएम की मॉनिटरिंग के लिए वीडियोग्राफी आवश्यक रूप से कराई जाये। उन्होंने निर्देश दिए है कि नाम निर्देशन प्राप्त किए जाने के दौरान, नाम निर्देशन के अंतिम दिन, नाम निर्देशन पत्रों की जांच के दौरान, चुनाव चिन्ह आवंटन के दौरान, वरिष्ठ राजनैताओं के आम सभाओं के दौरान, प्रचार प्रसार के अंतिम दिन होने वाले राजनैतिक कार्यक्रम तथा बड़े जुलूस व रैलियों की वीडियोग्राफी आवश्यक रूप से कराई जाना चाहिए। इसके अलावा मतदाताओं को धमकाने व मतदाताओं को प्रलोभन देने जैसी शिकायतों के मामले में तथा मतदान सामग्री वितरण तथा जमा कराने के, परिणाम की घोषणा व सीलिंग के दौरान, स्ट्रांग रूम खुलने व बंद करने की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए है। सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए है कि वीडियो निगरानी दलों द्वारा की गई रिकार्डिंग को कम्प्यूटर में सुरक्षित रखा जाये। प्रत्येक नगरीय निकाय में कम से कम एक वीडियो निगरानी दल लगाया जायेगा।
No comments:
Post a Comment