देश की स्वतंत्रता के 75 वर्ष होने पर ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ मनेगा
खण्डवा 11 मार्च, 2021 - भारत सरकार द्वारा स्वाधीनता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर स्वाधीनता दिवस 15 अगस्त 2022 के पूर्व 75 सप्ताह तक ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ मनाये जाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश शासन द्वारा भी ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की देश व्यापी शुरुआत 12 मार्च से हो रही है। राज्य शासन ने इस कार्यक्रम को मिशन नगरोंदय से जोड़ने का निर्णय लिया है। इसके लिए 12 मार्च के कार्यक्रम में नगरीय निकायों में आयोजित होने वाले नगरोदय कार्यक्रम में गाँधीजी, सरदार पटेल जी और नेताजी सुभाषचंद्र जी के चित्र पर माल्यार्पण किया जायेगा।
मध्यप्रदेश शासन के प्रमुख सचिव संस्कृति श्री शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि 12 मार्च की तारीख भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक घटना दांडी मार्च से जुड़ी हुई है। यह सन् 1930 में महात्मा गांधी के द्वारा अंग्रेज सरकार के नमक के ऊपर कर लगाने के कानून के विरुद्ध किया गया सविनय कानून भंग कार्यक्रम था। महात्मा गांधी के नेतृत्व में 78 लोगों द्वारा साबरमती आश्रम से समुद्रतटीय गाँव दांडी तक कुल 390 किलोमीटर की पैदल यात्रा करके 6 अप्रैल 1930 को नमक हाथ में लेकर नमक विरोधी कानून का भंग किया गया था। संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देश दिए गए है कि यदि कोई स्थानीय स्तर पर आजादी की लड़ाई के बड़े नायक है, जैसे चंद्रशेखर आजाद, तात्या टोपे, संग्राम शाह इत्यादि, तो उनको भी कार्यक्रम में सम्मान देते हुए याद किया जाये।
No comments:
Post a Comment