गांधी स्मृति यात्रा का खालवा विकासखण्ड में हुआ प्रवेश
खण्डवा 16 मार्च, 2020 - मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग की ओर से गांधी स्मृति यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा गाँधी जयंती के अवसर पर गत 2 अक्टूबर से शुरू हुई है जो कि पूरे एक वर्ष तक प्रदेश में भ्रमण करेगी। इसी क्रम में सोमवार को खण्डवा जिले के खालवा ब्लॉक से इस यात्रा की जिले में शुरुआत हुई। सोमवार को पहले दिन यह यात्रा स्मृति यात्रा ग्राम खालवा, मल्हारगढ़, कालाआम कला, मिरपुर, व कालाआम खुर्द गई तथा ग्रामीणों के समक्ष राष्ट्रपिता महात्मा गॉंधी से संबंधित छायाचित्र प्रदर्शनी प्रदर्शित की गई एवं इस दौरान महात्मा गांधी से संबंधित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। उल्लेखनीय है कि इस यात्रा में तीन रथ साथ में चल रहे हैं। एक रथ में कलाकार अपनी प्रस्तुति देते हैं, दूसरे रथ में चलित प्रदर्शनी लगी हैं जिसमें दर्शाया गया है कि गांधीजी मध्यप्रदेश में किन-किन जिलों में गए थे और वहां पर क्या क्या गतिविधियां उनके द्वारा की गई थी तथा तीसरा रथ वीडियो रथ है जिसमें गांधी जी पर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जाती है। इस प्रकार गांधीजी के संदेशों का प्रचार प्रसार और आम लोगों को गांधी जी के विचारों से अवगत कराने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है । इस यात्रा का एक उद्देश्य यह भी है कि गांव में जो छुपी हुई प्रतिभा हैं वह भी यदि मंच पर अपनी प्रस्तुति देना चाहे तो उनको भी आमंत्रित किया जाता है, जिससे छुपी हुई प्रतिभाओं की भी पहचान की जा रही है। आगामी एक सप्ताह तक और यह गांधी स्मृति यात्रा खालवा ब्लॉक के ग्रामों का भ्रमण करेगी।


No comments:
Post a Comment