आज से शुरू होगा ‘‘शहर सरकार-आपके द्वार‘‘ अभियान
2, 3, 4, 10, 11 व 14 अक्टूबर को आयोजित होंगे जनसमस्या निवारण शिविर
खण्डवा 1 अक्टूबर, 2019 - नागरिकों को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए अब इधर उधर भटकना नही पड़ेगा, बल्कि अब उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए हर वार्ड में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जायेंगे। नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर शहर सरकार आपके द्वार कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इस दौरान नागरिकों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जायेगी और उनकी समस्याओं का निराकरण किया जायेगा।
नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह ने बताया कि 2 अक्टूबर को निगम जोन कार्यालय न. 1 व माता चौक पर अलग अलग जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित होंगे। इसी तरह आगामी 3 अक्टूबर को माखनलाल चतुर्वेदी स्कूल खण्डवा में व घंटाघर पर, 4 अक्टूबर को गणेश गौशाला खण्डवा में व अनाज मण्डी प्रागंण में भी नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए शिविरों का आयोजन किया गया है। साथ ही आगामी 10 अक्टूबर को झीलोद्यान व महालक्ष्मी माता मंदिर के सामने भी इसी तरह के शिविर आयोजित होंगे। इसके अलावा आगामी 11 अक्टूबर को रियाज मार्शल के घर के सामने , तथा 14 अक्टूबर को बड़ाबम चौराहा पर व आनंद नगर स्कूल के पास शिविर आयोजित होंगे।
नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह ने बताया कि इस अभियान में ई-नगर पालिका पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। उन्होंने कहा कि सी.एम.हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण का सत्यापन भी किया जायेगा। नागरिकों को मौके पर ही ऑनलाइन भवन अनुज्ञा से संबंधित आटोमेटेड बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम की जानकारी दी जायेगी। सूखे एवं गीले कचरे का घर पर पृथक्कीकरण शुरू कराया जायेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना में जिनके आवास पूर्ण हो गये हैं, उनको गृह प्रवेश कराया जायेगा। अभियान के दौरान पात्र हितग्राहियों को आवासीय पट्टे दिये जायेंगे। पूरे हुए निर्माण कार्यों का लोकार्पण और प्रस्तावित निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन भी किया जायेगा।
No comments:
Post a Comment