AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Saturday, 12 December 2020

जल महोत्सव आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की कलेक्टर श्री द्विवेदी ने

 जल महोत्सव आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की कलेक्टर श्री द्विवेदी ने


खण्डवा 12 दिसम्बर, 2020 - जिले के हनुवंतिया पर्यटन स्थल पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जल महोत्सव का आयोजन होगा। यह जल महोत्सव 15 दिसम्बर 2020 से 15 जनवरी 2021 के बीच 1 माह की अवधि के लिए आयोजित होगा। जल महोत्सव का शुभारंभ 15 दिसम्बर को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान वर्चुअल रूप से भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में अपरान्ह 3 बजे करेंगे। इस कार्यक्रम के प्रसारण की भी व्यवस्था की जायेगी। कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने शनिवार को जल महोत्सव शुभारंभ से पूर्व आयोजन की तैयारियों की समीक्षा हनुवंतिया में अधिकारियों की बैठक लेकर की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुषरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाष परिहार, एसडीएम पुनासा श्री चंदर सिंह सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। 

जल महोत्सव के दौरान साफ सफाई, फायर ब्रिगेड व अस्थायी चिकित्सालय की व्यवस्था भी करें

इस दौरान कलेक्टर श्री द्विवेदी ने जल महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में बैठक व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, अस्थायी चिकित्सालय व एम्बूलेंस की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने टेंट सिटी में पर्यटकों के लिए की गई व्यवस्थाएं भी देखीं। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने जल महोत्सव शुभारंभ के हनुवंतिया स्थित कार्यक्रम स्थल पर बड़े आकार के एलईडी टीवी के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण करने के निर्देष भी दिए। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में निर्देश दिए कि जल महोत्सव शुभारंभ कार्यक्रम की सभी तैयारियां 14 दिसम्बर शाम 5 बजे तक पूर्ण कर ओके रिपोर्ट दें। उन्होंने मूंदी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पर्यटन स्थल हनुवंतिया में साफ सफाई के लिए सफाई कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए। 

हनुवंतिया के आसपास की सड़कों की मरम्मत करायें, पर्यटकों की सुरक्षा पुख्ता इंतजाम किए जायें

कलेक्टर श्री द्विवेदी ने विद्युत सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को टेंट सिटी में विद्युत कनेक्शन की जांच कर ओके रिपोर्ट देने के लिए कहा, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने जलकुआ से धारकवाड़ी तथा खण्डवा मूंदी मार्ग जहां सड़क  की स्थिति खराब है उसे तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कार्यक्रम स्थल पर अस्थाई पुलिस चौकी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट को तैराकों की व्यवस्था करने के लिए भी कहा, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत उपलब्ध कराई जा सके।  

जल महोत्सव के दौरान मास्क, सेनेटाइजेशन व सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन किया जाये

कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में बोट क्लब पर पर्यटकों के लिए लाइफ जैकेट के सेनेटाइजेशन की व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे। उन्होंने पर्यटन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हनुवंतिया आने वाले सभी पर्यटकों को मास्क लगाकर ही प्रवेश दिया जाये तथा विभिन्न स्थानों पर सेनेटाइजर की व्यवस्था भी की जाये। हनुवंतिया के प्रवेश द्वार पर ऑक्सीमीटर, थर्मल स्केनर एवं सेनेटाइजर की व्यवस्था के लिए भी कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कहा।

No comments:

Post a Comment