प्रदेश में कोरोना वायरस से निपटने के लिए किए जा रहे हैं पुख्ता इंतजाम
स्कूलों कॉलेजों में अवकाश घोषित,परीक्षाएं यथावत होंगी, टॉकीज भी बन्द रहेंगे
खण्डवा 13 मार्च, 2020 - मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने नोवल कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए स्कूलों, कॉलेजों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि परीक्षाओं को यथावत आयोजित किया जाए। इसके साथ ही, सिनेमा हाल भी बंद रखे जाएं और ऐसे सभी आयोजनों, कार्यक्रमों को भी रोकने का प्रयास हो, जहाँ बड़ी संख्या में नागरिक एकत्रित होते हों। श्री कमल नाथ आज मंत्रालय में नोवल कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में नागरिकों की सुरक्षा हेतु हरसंभव कदम उठाए गए हैं। साथ ही प्रभावित होने की स्थिति में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्थाएं की गई हैं।
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने बैठक में कहा कि नोवल कोरोना वायरस के प्रकरण मिलने के पहले ही हमारी तैयारियां ऐसी हो, जिससे यह बीमारी फैलने ही न पाए। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के सीमावर्ती राज्य विशेषकर राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश राज्य से आने-जाने वाले लोगों की भी स्क्रीनिंग करने को कहा। इस दौरान बताया गया कि संक्रमित और संदिग्ध रोगियों की जानकारी देने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है और कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का नं. 0755-2527177 है। लोगों को जागरूक बनाने एवं बीमारी के लक्षण की जानकारी देने के लिए अपील के साथ रेडियो प्रोग्राम, जिंगल, पोस्टर और पम्पलेट का वितरण किया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment