AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Wednesday, 18 March 2020

नगर निगम की आय व नागरिकों की सुविधाओं में वृद्धि करें - कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल

नगर निगम की आय व नागरिकों की सुविधाओं में वृद्धि करें
 - कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल 

खण्डवा 18 मार्च, 2020 - कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नगर निगम आयुक्त व सभी अपर आयुक्त , उपायुक्तों व अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर निगम के कार्यो की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान कहा कि नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जायें। करांे की वसूली बढ़ाने पर ध्यान दिया जाये तथा करांे में वृद्धि की जाये। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे भी मौजूद थी। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने निर्देश दिए कि चारखेड़ा से खण्डवा तक आने वाली नर्मदा पेयजल लाइन के आसपास के किसानों में से ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाये जिनके द्वारा खेतों में सिंचाई के लिए बार बार पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त किया जा रहा है। उन्होंने एसडीएम खण्डवा को निर्देश दिए कि पाइप लाइन फोड़ने के लिए दोषी व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरूद्ध प्रकरण दर्ज कराये जायें। 
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में निर्देश दिए कि जिन नागरिकों द्वारा नल कनेक्शन विधिवत नही लिए गए है उन्हें कनेक्शन दिलाये जायें तथा अवैध नल कनेक्शन काटने के लिए विशेष अभियान चलाया जायें। बैठक में बताया गया कि शहर में लगभग 35 हजार घर है, जबकि नल कनेक्शन लगभग 25 हजार है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने कहा कि अगले 3 माह में शत प्रतिशत घरों में वैध नल कनेक्शन होना चाहिए। उन्होंने शहर में विभिन्न स्थानों पर मटन एवं मछली विक्रय की दुकानों को व्यवस्थित तरीके से मटन मार्केट बनाकर वहां शिफ्ट करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने एसडीएम खण्डवा को मटन मार्केट के लिए भूमि चिन्हित करने का दायित्व सौंपा। उन्होंने घण्टाघर चौराहे के सौंदर्यीकरण के साथ साथ वहां की यातायात व्यवस्था के सुधार हेतु आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने घण्टाघर की घड़ी बदलवाने के लिए भी कहा है। इसके साथ ही कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने इंदिरा चौक व शहर के अन्य चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए भी नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह को निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा उपकर की राशि से स्कूलों में विकास कार्य कराने के लिए भी कहा। 
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में कहा कि हर बुधवार को नगर निगम के कार्यो की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की जायेगी, साथ ही शहर का दौरा कर नगरीय क्षेत्र में संचालित विकास कार्यो का जायजा भी लिया जायेगा। उन्होंने टेक्स कलेक्शन के लिए नागरिकों की सुविधा हेतु शहर में विभिन्न स्थानों पर केम्प लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने एसडीएम खण्डवा को ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट करने से पूर्व वहां प्लॉटिंग का कार्य करने तथा शहर के ट्रांसपोटर व मेकेनिक्स की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक निर्देश देने हेतु कहा। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में निर्देशित किया कि शहर की सभी कॉलोनियों में ईडब्ल्यूएस व एलआईजी वर्ग के लिए आरक्षित मकानों के आंवटन के लिए जानकारी अगले एक सप्ताह में तैयार करे तथा शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया से विभिन्न कॉलोनियों में गरीबों के लिए आरक्षित मकानों को गरीब परिवारों को ही आवंटित कराया जाये तथा यदि किसी कॉलोनाइजर द्वारा गरीबों को मकान आवंटित किए जा चुके है तो उन गरीबों के नाम व आधार नम्बर की जानकारी प्राप्त की जाये। उन्होंने पेयजल वितरण के लिए नियुक्त विश्वा कम्पनी द्वारा गत वर्षो में की गई अनियमितताओं की जानकारी एकत्र कर उसे कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

No comments:

Post a Comment