बूथ लेवल अधिकारियों की जांच के लिए अधिकारी तैनात
खण्डवा 9 दिसम्बर, 2020 - भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार इन दिनों सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व दावा आपत्ति व फार्म प्राप्त करने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया है कि कुछ बूथ लेवल अधिकारी निर्धारित समय पर अपने मतदान केन्द्र पर उपस्थित नहीं रहते है। इसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में 2-2 अधिकारियों को मतदान केन्द्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों की उपस्थिति की चैकिंग करने के लिए नियुक्त किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनय द्विवेदी ने बताया कि ये अधिकारी किसी भी मतदान केन्द्र पर आकस्मिक निरीक्षण कर चैक करेंगे कि वहां बीएलओ उपस्थित है कि नही। अनुपस्थित बीएलओ के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
मतदान केन्द्रों के निरीक्षण के लिए मांधाता क्षेत्र में जो दो अधिकारी नियुक्त किए गए है, उनमें कार्यपालन यंत्री श्री एम.एस. मीणा व कार्यपालन यंत्री श्री सेराफिम तिर्की शामिल है। इसी तरह हरसूद क्षेत्र के मतदान केन्द्रों के निरीक्षण के लिए कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड श्री पी.के. मेहता व सहायक संचालक महिला बाल विकास विभाग श्रीमती नमिता शिवहरे, खण्डवा विधानसभा के लिए सहायक यंत्री पीआईयू श्री कमल सिंह सेन व उपयंत्री जल मौसम विज्ञान श्री सुधीर पाराशर की ड्यूटी लगाई गई है। जबकि पंधाना विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्रों के निरीक्षण के लिए सहायक यंत्री एनव्हीडीए श्री पी.के. भण्डारी तथा परियोजना अधिकारी छैगांवमाखन श्री नंदराम चौहान की ड्यूटी लगाई गई है। इन अधिकारियों को कम से कम 25-25 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए है।
No comments:
Post a Comment