कक्षा 10वीं और 12वीं की कक्षाएं 18 दिसंबर से संचालित होंगी
खण्डवा 15 दिसम्बर, 2020 - स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने कहा है कि कक्षा 10 वीं और 12 वीं के विद्यार्थियों के लिए स्कूल आगामी 18 दिसंबर से नियमित रूप से पूरे निर्धारित समय तक के लिए संचालित होंगी। यह निर्णय बोर्ड की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कक्षा 9वीं एवं 11वीं के लिए विद्यार्थियों के नामांकन और उपलब्ध अध्यापन कक्ष के आधार पर प्राचार्य द्वारा स्थानीय स्तर पर कक्षाओं के संचालन पर निर्णय लिया जा सकेगा।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री परमार ने निर्देश दिए कि नई शिक्षा नीति के अनुसार बच्चों का पाठ्यक्रम तैयार करें। दूरस्थ क्षेत्रों और जनजाति क्षेत्रों में आने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखकर योजना तैयार करें। श्री परमार ने निर्देश दिए कि अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों को ऑनलाइन एजुकेशन पोर्टल पर दर्ज कराने की सुविधा दे और ऑनलाइन निगरानी कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करे। एक वर्ष से अधिक समय से लंबित विभागीय जांच प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए समयबद्ध कार्य योजना बनाएं।
राज्यमंत्री श्री परमार ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुसार अच्छा प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को प्रमाण पत्र दिए जाएं। प्रदर्शन के आधार पर गोल्ड, सिल्वर और कांस्य श्रेणी तथा प्रमाण पत्र के लिए स्कूल सर्टिफिकेशन की व्यवस्था तैयार करें। ‘‘हमारा घर-हमारा विद्यालय‘‘ कार्यक्रम अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह अच्छा शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र दिए जाएं। अभिभावकों से सीधे संवाद के लिए प्रदेश स्तरीय मेगा पेरेंट्स टीचर मीट आयोजित करें, इसमें स्कूल के पूर्व छात्रों को भी जोड़ा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवासी श्रमिकों के बच्चों को जिले स्तर पर किए गए सर्वे के आधार पर पाठ्यपुस्तक या वर्कबुक का वितरण करें। श्री परमार ने कहा सामाजिक संगठन और जिला प्रशासन के सहयोग से प्रवासी श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई और रहने की व्यवस्था करें।
No comments:
Post a Comment