प्री बुकिंग के आधार पर आज से कर सकेंगे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन
खण्डवा 15 जून, 2020 - एसडीएम पुनासा डॉ. ममता खेड़े ने बताया कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन की व्यवस्था 16 जून से श्रद्धालुओं के लिए की जा रही है। सोशल डिस्टेंसिंग के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए प्री-बुकिंग कराना अनिवार्य होगा। श्रद्धालु ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए मंदिर की वेबसाइट www.shriomkareshwar.org के माध्यम से अथवा मोबाइल नम्बर 7617238888 या 9406865628 के माध्यम से अथवा मोबाइल एप omkareshwar के माध्यम से बुकिंग कर सकते है। इसके अलावा ओंकारेश्वर में स्थित फेसिलिटी सेंटर पर आकर भी दर्शन के लिए श्रद्धालु अपनी बुकिंग करा सकते है।
श्रद्धालु अपना आधार कार्ड व मोबाइल साथ लायें
एसडीएम डॉ. खेड़े ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि दर्शन के लिए आते समय श्रद्धालु अपना आधार कार्ड व अपना वह मोबाइल जिससे बुकिंग की गई है साथ लायें। उन्होंने बताया कि एक एन्ड्रायड मोबाइल से 5 व्यक्तियों के दर्शन की व्यवस्था हो सकेगी। इसके बाद इसी मोबाइल नम्बर से अगले 15 दिवस तक दर्शन के लिए बुकिंग नही की जा सकेगी। श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे मंदिर ट्रस्ट की ओर से बुकिंग कर्न्फेमेशन एसएमएस प्राप्त होने के बाद ही ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आये।
यह रहेंगे प्रतिबंधित
एसडीएम डॉ. खेड़े ने बताया कि गर्भग्रह में श्रद्धालुओं का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा पूजन सामग्री, जल, प्रसाद, अभिषेक, पूजन, तिलक लगाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। साथ ही ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर में स्थित अन्य मंदिरों में भी प्रवेश प्रतिबंधित होगा। इस दौरान प्रसादालय व विश्रामालय बंद रहेंगे। अभिषेक हॉल में पंडितों द्वारा पूजन अभिषेक भी प्रतिबंधित रहेगा। दान राशि केवल दान पेटियों में ही डालने की अनुमति होगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि कोरोना संक्रमण से बचाव को ध्यान में रखते हुए 10 वर्ष से कम आयु के बच्चे तथा 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों व गर्भवती महिलाओं को अपने साथ में न लायें। इस दौरान ओंकारेश्वर व उसके आसपास के नर्मदा घाटों पर यात्रियों के स्नान की अनुमति नही दी गई है तथा घाटों पर स्नान को पूर्णतः प्रतिबंधित रखा गया है।
श्रद्धालुओं के लिए सलाह
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के समय यात्रियों को मास्क लगाकर आना होगा। मंदिर परिसर के बाहर व भीतर कहीं भी थूकने पर प्रतिबंध रहेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वे 2 मीटर की दूरी का सख्ती से पालन करें तथा मंदिर की रैलिंग व दीवार आदि को स्पर्श न करें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे मंदिर परिसर में कोई सामान साथ में न लायें। मंदिर में प्रवेश से पूर्व हाथ व पैर सेनिटाइज करने की व्यवस्था की गई है।
No comments:
Post a Comment