सभी विभागीय अधिकारी वर्षा पूर्व की तैयारियां सुनिश्चित करें
- कलेक्टर श्री द्विवेदी
खण्डवा 15 जून, 2020 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के आगमन को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग व प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्यपालन यंत्री को सड़कों व पुल पुलियाओं के रखरखाव की व्यवस्था करें। उन्होंने विद्युत वितरण कम्पनी के अधीक्षण यंत्री को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु में निर्बाध आपूर्ति के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर लें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण मौजूद थे।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में सभी सरकारी निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो शासकीय निर्माणाधीन भवन पूर्ण हो चुके है, उन्हें संबंधित विभाग को हेण्डओवर किया जाये तथा संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे भवन को अपने अधिपत्य में लेकर नए भवन में कार्यालय प्रारंभ करें। उन्होंने उप संचालक कृषि को निर्देश दिए कि खाद, बीज व कीटनाशक का पर्याप्त भण्डारण सुनिश्चित किया जायें तथा कहा कि खाद, बीज व कीटनाशक की गुणवत्ता निरीक्षण के लिए सेम्पलिंग की जाये तथा अमानक पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जाये। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने निर्देश दिए कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को समय समय सामयिक सलाह भी जारी की जाये। उन्होंने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन व नर्मदा घाटी विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंदिरा सागर व ओंकारेश्वर बांध से पहले के अन्य बांधों से नर्मदा नदी में जल छोड़ने से पूर्व संबंधित अधिकारियों को उसकी सूचना दें, ताकि दुर्घटना की आशंका न रहे।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में संचालित फीवर क्लीनिक्स में नियमित रूप से सेनिटाइजेशन की व्यवस्था की जायें। साथ ही मेडिकल स्टोर्स संचालकों को निर्देश जारी किए जायें कि बिना डॉक्टर्स के पर्चे के कोरोना संक्रमण के उपचार संबंधी दवाईयों का विक्रय न किया जायें। इसके लिए ड्रग इंस्पेक्टर व खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जायें। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि शहर में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों के औचक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए 5-5 कर्मचारियों के कुल 10 दल बनाएं जायें, ये कर्मचारी खण्डवा शहर में 10 दल विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक रूप से इन्फारेड थर्मल स्केनर के माध्यम से नागरिकों में बुखार व ऑक्सीजन सेचुरेशन लेवल चेक करें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने इन दलों में स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व , नगर निगम व शिक्षा विभाग के कर्मचारी तैनात करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दल दिनभर में 200 लोगों का आकस्मिक स्वास्थ्य परीक्षण करें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों के सचिवों को निर्देश दिए जायें कि उनके गांव में कोरोना संक्रमण संबंधी लक्षण वाले मरीजों पर नजर रखें तथा ऐसे मरीजों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिजवायें।
No comments:
Post a Comment