किशोर कुमार को भारत रत्न देने के लिए समर्थन किया जनसम्पर्क मंत्री श्री शर्मा ने
संस्कृति मंत्री डॉ. साधौ व जनसम्पर्क मंत्री ने गायन प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत
खण्डवा 5 अगस्त, 2019 - प्रदेश के जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा रविवार रात को स्थानीय पुरानी कृषि उपज मण्डी में हिन्दी फिल्मों के प्रसिद्ध पार्श्व गायक स्व. किशोर कुमार के जन्मदिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की संस्कृति एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने की। इस अवसर पर जनसम्पर्क मंत्री श्री शर्मा ने पार्श्व गायक स्व. किशोर कुमार को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘‘भारत रत्न‘‘ दिए जाने की स्थानीय नागरिकों की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि स्व. किशोर कुमार को उनकी गायन कला के लिए तो देश विदेश में जाना ही जाता है साथ ही अपनी जन्मभूमि से लगाव के लिए भी लाखों लोग उनके फेन है, क्योंकि इतना बड़ा मुकाम हासिल करने के बाद भी उन्हें अपनी जन्मभूमि खण्डवा से बेहद लगाव था। यही कारण है कि उनकी इच्छा के अनुरूप उनका अंतिम संस्कार मुम्बई महानगर में न करते हुए जन्मभूमि खण्डवा में किया गया।
प्रदेश की संस्कृति मंत्री डॉ. साधौ ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 1997 में स्व. किशोर कुमार की याद में उनके नाम से एक लाख रूपये का किशोर कुमार सम्मान देने का निर्णय लिया था। काफी लम्बे समय तक सम्मान राशि में वृद्धि नही की गई। पिछले दिनों प्रदेश सरकार ने सम्मान राशि बढ़ाकर दुगुनी कर दी है। उन्होंने कहा कि देश विदेश में लोग खण्डवा को किशोर कुमार के नाम से इसलिए जानते है क्योंकि स्व. किशोर कुमार देश विदेश में जहां भी जाते थे अपनी जन्मभूमि खण्डवा के बारे में चर्चा अवश्य करते थे। इस अवसर पर खण्डवा विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, खरगोन विधायक श्री रवि जोशी, पंधाना विधायक श्री राम दांगौरे, महापौर श्री सुभाष कोठारी , किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के अध्यक्ष श्री रणवीर सिंह चावला भी मौजूद थे।
इन्हें दिए गए पुरस्कार
गत दिनों स्व. किशोर कुमार के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में खण्डवा के गौरीकुंज सभागृह में आयोजित गायन प्रतियोगिता के विजेताओं को मंत्री द्वय श्री शर्मा व डॉ. साधौ ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सब जूनियर ग्रुप में अर्शदीप भाटिया को 3333 रू. का द्वितीय पुरस्कार तथा कु. शिविका मेहरा को 5555 रू. का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा अतिथियों ने जूनियर गु्रप में कु. आशी जोशी को 3333 रू. का तृतीय पुरस्कार, मोहम्मद फेज को 5555 रू. का द्वितीय पुरस्कार तथा संयम भावसार को 7777 रू. का प्रथम पुरस्कार दिया गया। सीनियर वर्ग में अभिनव सिटोके को 5555 रू. का तृतीय पुरस्कार, केशव लाड़ को 7777 रू. का द्वितीय पुरस्कार तथा मनीष वासरे को 11111 रू. का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
No comments:
Post a Comment