AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Thursday 29 August 2019

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल सेमिनार सम्पन्न

राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल सेमिनार सम्पन्न


खण्डवा 29 अगस्त, 2019 - राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्थानीय एस.एन. कॉलेज के सभाकक्ष में विशेष खेल सेमिनार आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह व एसएन कॉलेज के प्राचार्य श्री मुकेश जैन ने खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाडि़यों व प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान हॉकी के जादूगर स्व. ध्यानचंद के जीवन वृत्त पर केन्द्रित फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने मध्यप्रदेश खेल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही जिले की जानी मानी खिलाड़ी कु. माधूरी पटेल की ओर से उनके पिता श्री जगदीश पटेल को सम्मानित किया। इसी तरह अतिथियों ने बियत नाम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त करने वाले आदित्य मसानी की ओर से उनकी मॉं ने सम्मान प्राप्त किया। जबकि खेल शिक्षक श्री नीतेश यादव को भी कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम के दौरान सम्मान किया। 
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले सभी खिलाडि़यों के परिजनों व खेल प्रशिक्षकों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई की ही तरह यदि खेल के क्षेत्र में भी अच्छी तरह मेहनत की जाये तो उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बड़े सपने देखना चाहिए तथा अपने लक्ष्य को पाने के लिए कठिन मेहनत करनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. सिंह ने इस अवसर पर कहा कि कोई भी खिलाड़ी अपने आप को कमजोर न माने, जो भी मेहनत करेगा वो आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि असफलता से खिलाड़ी निराश न हो बल्कि और अधिक मेहनत कर सफलता प्राप्त करें। जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने भी इस अवसर पर उपस्थित खिलाडि़यों को शुभकामनाएं दी। 
       इससे पूर्व भारतीय खेल प्राधिकरण के कुशल प्रशिक्षक श्री सोमेश्वर राव ने अतिथियों का स्वागत किया तथा उन्होंने जिले में गत वर्षो में खेल प्राधिकरण के मार्गदर्शन में खिलाडि़यों द्वारा प्राप्त की गई उपलब्धियों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ताइक्वांडों व कुश्ती के क्षेत्र में खण्डवा के खिलाडि़यों ने राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल की है। उन्होंने ‘‘खेलो इंडिया‘‘ एप के बारे में भी बताया, जिसके माध्यम से 18 तरह की खेलों के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण व जानकारी ली जा सकती है। यह एप भारत सरकार द्वारा तैयार कराया गया।

No comments:

Post a Comment