ओंकारेश्वर परियोजना की दाँयीं नहर में नर्मदा जल हुआ प्रवाहित
खण्डवा 16 जून, 2015 -मध्यप्रदेश की महत्वाकांक्षी ओंकारेश्वर सिंचाई और जल विद्युत परियोजना की दाँयीं मुख्य नहर में लंबी प्रतीक्षा के बाद जल-प्रवाह शुरू कर दिया गया है। खण्डवा जिले से शुरू होने वाली मुख्य दाँयीं नहर में नर्मदा जल 128 किलोमीटर लंबी यात्रा कर धार जिले में प्रवेश कर गया है। खण्डवा, खरगोन और धार जिले के किसान ओंकारेश्वर परियोजना नहरों में जल प्रवाहित होने की लंबे समय से प्रतीक्षा करते रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिये गये निर्णय के अनुसार पिछले दिनों जलाशय का जल-स्तर 191 मीटर तक बढ़ाकर परियोजना नहरों में जल प्रवाह का शुभारम्भ किया गया।
मई माह की शुरुआत में बाँयीं मुख्य नहर में जल प्रवाहित किया गया था। अब परियोजना की 162.95 किलोमीटर लंबी मुख्य दाँयीं नहर में जल-प्रवाह शुरू हो गया है। बाँयीं मुख्य नहर में जल-प्रवाह के अवसर पर ग्रामीणों द्वारा प्रदर्शित उत्साह की तरह ही दाँयीं मुख्य नहर में प्रवाहित जल का भी ग्रामीणों ने भारी उत्साह और पूजा-अर्चना के साथ स्वागत किया। जैसे-जैसे नहर में जल आगे बढ़ रहा है, स्थान-स्थान पर ग्रामीण पूजा-अर्चना और परम्परागत चुनरी भेंट कर नर्मदा जल की अगवानी कर रहे हैं। दाँयीं मुख्य नहर से आदिवासी अंचल में 70 हजार 630 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता निर्मित होगी। बाँयीं तट पर 64.11 किलोमीटर लंबी मुख्य बाँयीं नहर से 20 हजार 580 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता बनेगी। दोनों नहर में बाँध से जल प्रवाहित करने वाली 12.39 किलोमीटर लंबी कॉमन केरियर नहर 960 हेक्टेयर भूमि सिंचित करेगी। इस प्रकार ओंकारेश्वर सिंचाई परियोजना से एक लाख 46 हजार 800 हेक्टेयर क्षमता पर खरगोन, खण्डवा और धार जिलों को सिंचाई का लाभ किसानों को मिलेगा।
No comments:
Post a Comment