AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Tuesday, 16 June 2020

जिला प्रशासन ने बेहतर ढंग से कार्य कर, संक्रमण को काफी हद तक रोका है

जिला प्रशासन ने बेहतर ढंग से कार्य कर, संक्रमण को काफी हद तक रोका है
सांसद श्री चौहान ने क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठक में कहा 

खण्डवा 16 जून, 2020 - जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थित कार्य योजना बनाकर बेहतर ढंग से कार्य किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि खण्डवा जिले में कोरोना संक्रमण के फैलाव पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। यह बात क्षेत्रीय सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठक में संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खोले जाने का निर्णय सही है, धार्मिक मेलों व अन्य सामूहिक आयोजनों की अनुमति अभी नही दी जा सकती। बैठक में खण्डवा विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा, पंधाना विधायक श्री राम दांगोरे, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह, पूर्व महापौर श्री सुभाष कोठारी, श्री हरीश कोटवाले, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण मौजूद थे।
सांसद श्री चौहान ने बैठक में कहा कि बाजार तो खुल गए है पर नागरिकों को सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क लगाने के संबंध में जागरूक करते रहना होगा, अन्यथा संक्रमण का खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि जलेबी चौक स्थित पुरानी अनाज मण्डी में सब्जी मण्डी लगाने के संबंध में जिला प्रशासन निर्णय ले सकता है, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग के प्रावधानों का पालन कराया जा सके। बैठक में मांधाता विधायक श्री पटेल ने जिला प्रशासन द्वारा कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। इस दौरान खण्डवा विधायक श्री वर्मा व पंधाना विधायक श्री दांगोरे ने भी संबोधित किया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। 
कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने बैठक में बताया कि गुरू पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी मेलों का आयोजन प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि धूनिवाले दादाजी मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के अनुरोध पर श्री दादाजी दरबार में आगामी 10 जुलाई तक आम नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के संबंध में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही यह भी तय किया गया है कि गुरू पूर्णिमा के अवसर पर हर वर्ष आयोजित होने वाले भण्डारे इस वर्ष प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने बताया कि दादाजी दरबार के प्रबंधन द्वारा लाईव टेलिकास्ट के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में बताया कि कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के संबंध में जिले का रिकवरी रेट लगभग 86 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि नागरिकों में से कोरोना संबंधी लक्षण वाले रोगियों की पहचान के लिए आकस्मिक स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 5-5 सदस्यीय कुल 10 दल गठित किए गए है, जो शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों में बुखार व ऑक्सीजन सेचुरेशन स्तर का परीक्षण करेंगे। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में बताया कि अब शहर में छोटे छोटे कन्टेन्मेंट क्षेत्र बनाए जा रहे है, ताकि कम से कम लोगों को असुविधा हो और मॉनिटरिंग भी आसान हो। उन्होंने बताया कि कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों से फीडबैक लेने के लिए प्रतिदिन अधिकारीगण मोबाइल पर बात करते है तथा वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते है। 

No comments:

Post a Comment