इन्स्टेंट हेल्थ चैकअप टीम शहर के सभी क्षेत्रों में कर रही हैं स्वास्थ्य परीक्षण
खण्डवा 17 जून, 2020 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आने जाने वाले नागरिकों की स्क्रीनिंग के लिए इन्स्टेंट मेडिकल चैकअप टीम गठित करने के आदेश जारी किए है। इन 4-4 सदस्यीय दलों में पुलिस व शिक्षा विभाग के एक-एक व स्वास्थ्य विभाग के दो-दो कर्मचारी शामिल किए गए है। शहर में कुल 10 दल अलग अलग क्षेत्रों में प्रतिदिन वहां से गुजरने वाले नागरिकों को रोककर थर्मल स्केनर से उनके शरीर का तापमान तथा ऑक्सीजन सेचुरेशन स्तर की जांच कर रहे है। सभी दल प्रभारियों को निर्देश दिए गए है कि प्रतिदिन प्रत्येक दल द्वारा कम से कम 200 लोगों की स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से की जाये। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बताया कि इन दलों द्वारा चिन्हित किए गए लोगों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण जिला अस्पताल में कराया जायेगा तथा कोरोना संबंधी लक्षण वाले मरीजों की सेम्पलिंग भी आवश्यकता अनुसार की जायेगी, ताकि समय रहते उनका उपचार किया जा सके।
पहले दिन 875 की स्क्रीनिंग की गई, 2 को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने बताया कि मंगलवार को पहले दिन इन टीमों के द्वारा कुल 875 व्यक्तियों का परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान 2 लोगों में कोरोना संक्रमण जैसे लक्षण पाए जाने से उन्हें विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।


No comments:
Post a Comment