महाविद्यालयों में 29 जून से 31 जुलाई के बीच होंगी परीक्षाएँ
स्नातक अंतिम, स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षाओं परिणाम अगस्त में होंगे घोषित
खण्डवा 12 जून, 2020 - प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में 29 जून से 31 जुलाई 2020 के बीच स्नातक अंतिम तथा स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएँ आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के परिणाम अगस्त माह में ही घोषित कर दिए जाएँगे। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा कोविड-19 के दृष्टिगत विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं के सफलतापूर्वक संचालन के लिए सभी कुलसचिव, प्राचार्य, परीक्षा केंद्र अधीक्षक और परीक्षार्थियों के लिए दिशा-निर्देश किये गए हैं।
परीक्षा केन्द्रों पर की जायेगी कोविड संक्रमण से बचाव की व्यवस्था
संस्था द्वारा परीक्षा केंद्रों पर संपूर्ण कक्ष प्रसाधन कॉरिडोर तथा सीढि़यां आदि को परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व तथा परीक्षा अवधि समाप्त होने के बाद प्रतिदिन सैनिटाइज किया जाना आवश्यक होगा। प्रत्येक संस्था में कम से कम 5 थर्मल स्क्रीनिंग उपकरण उपलब्ध होना अनिवार्य होगा। महाविद्यालयों में सीटिंग प्लान को प्रदर्शित करना होगा। परीक्षा कक्ष में जिस सीट पर भी किसी परीक्षार्थी को नहीं बैठना है, उस सीट पर क्रॉस का चिन्ह लगाया जाए। सीटों के साइड में चलने वाली जगह में भी सोशल डिस्टेंसिंग के हिसाब से गोला बनाया जाए। परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित सभी पर्यवेक्षकों कर्मचारियों स्टाफ और परीक्षार्थियों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही सैनिटाइजर की छोटी बोतल भी साथ रखना होगा। यदि किसी कारणवश परीक्षार्थी के पास मास्क नहीं हो तो संस्था द्वारा इसकी व्यवस्था की जाएगी। छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय अपने साथ सैनिटाइजर दवाई यदि परीक्षार्थी पूर्व से उपयोग कर रहा हो तथा पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी। परीक्षा केंद्रों में प्रत्येक कक्ष में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अधिकतम 20 परीक्षार्थियों के अनुपात में एक ही पर्यवेक्षक कक्ष में रहेगा। परीक्षार्थियों के मध्य कम से कम एक मीटर की दूरी रखना तथा महाविद्यालय द्वारा सूचना पटल पर माडल सीटिंग प्लान उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य होगा।
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 1 घंटे पहले उपस्थित होना होगा
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले उपस्थित होना अनिवार्य होगा। केंद्र में जांच के दौरान थर्मल स्क्रीनिंग परीक्षण में किसी प्रकार की असामान्यता पाए जाने पर या अन्य किसी शारीरिक परेशानी होने पर परीक्षार्थी की पृथक बैठक व्यवस्था की जाएगी। ऐसे परीक्षार्थी के लिए अनिवार्य होगा की वे आगामी परीक्षा दिवस के पूर्व अधिकृत चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण करा कर प्रमाण-पत्र परीक्षा केंद्र मे प्रस्तुत करें। कन्टेनमेंट जोन मे यदि कोई परीक्षा केंद्र निर्धारित है अथवा किसी परीक्षा केंद्र महाविद्यालय को क्वारेंटाइन सेन्टर बनाया गया हो तो ऐसे क्षेत्र के परीक्षा केंद्र विश्वविद्यालय को तत्काल अवगत कराएं और विश्वविद्यालय से प्राप्त निर्देशानुसार अन्य परीक्षा केंद्र की व्यवस्था की कार्रवाई करें। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूर्व परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश का मॉक टेस्ट अनिवार्य रूप से किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
No comments:
Post a Comment