AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Saturday, 7 September 2019

पोषण के प्रति नागरिकों को जागरूक करने में मीडिया प्रतिनिधि सहयोग करें

पोषण के प्रति नागरिकों को जागरूक करने में मीडिया प्रतिनिधि सहयोग करें
पोषण माह में मीडिया जागरूकता कार्यशाला सम्पन्न

खण्डवा 7 सितम्बर, 2019 - किशोरी बालिकाओं व गर्भवती महिलाओं के पोषण पर यदि ध्यान दिया जाये तो आने वाली पीढ़ी स्वस्थ्य रहेगी। पोषण आहार केवल महंगे पदार्थो में ही नही पाए जाते, बल्कि दिन प्रतिदिन खाये जाने वाली सस्ती सब्जियों व फलों में भी पाए जाते है। आवश्यकता केवल पोषण के प्रति जागरूकता की है। इस कार्य में मीडिया प्रतिनिधियों की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। यह बात जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती अंशुबाला मसीह ने शनिवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में पोषण माह के दौरान आयोजित जिला स्तरीय मीडिया कार्यशाला में संबोधित करते हुए कही। इस दौरान विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि व महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी भी मौजूद थे।
कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती मसीह ने कहा कि पोषण के प्रति जागरूकता लाने के लिए हर साल सितम्बर माह को पोषण माह के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान पोषण के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते है। इसी क्रम में आगामी दिनों में आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावासों के रसोईयों व छात्रावास अधीक्षकों की कार्यशाला भी आयोजित की जायेगी जिसमें उन्हें कम लागत वाले पोषण आहार तैयार करने के बारे में आवश्यक प्रशिक्षण दिया जायेगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती मसीह ने कहा कि पोषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पोषण चौपाल व रैलियां आयोजित की जा रही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती मसीह ने बताया कि साप्ताहिक हाट बाजारों में पोषण आहार के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए पोषण रैलियां आयोजित किए जाने का कार्यक्रम भी निर्धारित है तथा इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन व राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन से जुड़े स्वसहायता समूहों की महिलाओं को भी पोषण के प्रति जागरूक करने के लिए इस माह में कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती मसीह ने इस अवसर पर बताया कि उद्यानिकी विभाग की मदद से आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण वाटिकाएं लगाई गई है, जिनमें मुनगे, निम्बू, करोंदे, आंवला व अमरूद के पौधे व अन्य पोष्टिक सब्जियों के पौधे लगाए गए है। उन्होंने बताया कि किशोरी बालिकाओं को एनीमिया से बचाव के लिए आयरन फोलिक एसिड की गोलियां स्कूलों में खिलाने की व्यवस्था की गई है।

No comments:

Post a Comment