अपने बच्चों को मिजल्स-रूबेला का टीका अवश्य लगवायें
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने नागरिकों से की अपील
खण्डवा 12 जनवरी, 2019 - मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान के तहत 15 जनवरी से 28 फरवरी तक 9 माह से 15 वर्ष के सभी बच्चों को टीका लगाया जायेगा। कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इस अभियान के तहत यह टीका अवश्य लगवायें। उन्होंने बताया कि यह टीका पूर्णतः निःशुल्क है तथा दर्द रहित है। बच्चों को इस टीके से कोई परेशानी नहीं होगी, बल्कि टीका लगवाने के बाद बच्चे मिजल्स एवं रूबेला नामक बीमारियों से मुक्त रहेंगे। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बताया कि मिजल्स रूबेला अभियान के दौरान सभी बच्चों को टीका आवश्यक रूप से लगवाया जाये। उन्होंने बताया कि जिन बच्चों को इस अभियान के पूर्व में टीका लग भी चुका हो, तो भी उन्हें इस अभियान के दौरान टीका लगवाया जाये। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के निर्धारित मानको के अनुरूप उच्च गुणवत्ता युक्त वेक्सीन युक्त यह टीका बच्चों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होगा।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे जिले के स्कूलों व आंगनवाड़ियों में दर्ज 15 वर्ष आयु तक के सभी बच्चों को इस अभियान के तहत टीके लगवाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने जिले के सभी निजी विद्यालयों, केन्द्रीय विद्यालयों व नवोदय विद्यालय के प्राचार्यो से भी कहा है कि वे भी अपने स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को मिजल्स रूबेला का टीका आवश्यक रूप से लगवायें।
No comments:
Post a Comment