AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Thursday, 14 November 2019

किसानों की समस्याओं का निराकरण करें कृषि व सहकारिता विभाग के अधिकारी

किसानों की समस्याओं का निराकरण करें कृषि व सहकारिता विभाग के अधिकारी

कुमठी में किसानों की समस्याएं सुनी कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने

खण्डवा 14 नवम्बर, 2019 - जिले के किसानों की खेती संबंधी समस्याएं सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कृषि व सहकारिता विभाग के अधिकारी निराकृत करें। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने जिले के ग्राम कुमठी में आयोजित किसान सम्मेलन में दिए। बैठक में एसडीएम पंधाना श्रीमती अनुभा जैन, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन श्री ए.के. जैन, उप संचालक कृषि श्री आर.एस. गुप्ता, व उपायुक्त सहकारिता श्री पाटनकर के अलावा कृषि वैज्ञानिक श्री डी.के. वाणी भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने उपसंचालक कृषि को निर्देश दिए कि किसानों को कीटनाशक एवं खाद बीज उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करें तथा किसानों को समय समय पर आवश्यक मार्गदर्शन भी देने की व्यवस्था करें। उन्होंने उपायुक्त सहकारिता को निर्देश दिए कि सभी सोसायटियों में फसल बीमा के हितग्राही किसानों की सूची प्रदर्शित करें तथा सर्वे के बाद जिन किसानों की फसल क्षति हुई है उनकी सूची भी सूचना पटल पर चस्पा करें। इस दौरान किसानों ने खाद बीज उपलब्ध न होने संबंधी शिकायत कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल से की। उप संचालक कृषि श्री गुप्ता ने इस दौरान बताया कि किसानों के लिए खाद बीज पर्याप्त मात्रा में सहकारी सोसायटीयों व निजी विक्रेताओं के यहां उपलब्ध है। किसानों को उन्नत कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए जिले में 45 कस्टम हायरिंग केन्द्र स्थापित किए गए है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने उपायुक्त सहकारिता को निर्देश दिए कि उर्वरक मूल्यों की सूची भी सोसायटी पर प्रदर्शित करें।
उपसंचालक कृषि श्री गुप्ता ने इस दौरान बताया कि जिले में प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के माध्यम से कृषकों को रासायनिक उर्वरकों की आपूर्ति किए जाने हेतु समितियों के कालातीत कृषक सदस्यों द्वारा राष्ट्रीयकृत एवं व्यावसायिक बैंको से केसीसी ऋण लेने वाले कृषकों को उर्वरक उनके धारित रकबे के मान से प्रति हेक्टेयर अनुशंसित नगद उर्वरक प्रदाय किया जाना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि उर्वरक देते समय कृषक की ऋण पुस्तिका में उसे दिये गए उर्वरक का इन्द्राज भी किया जायेगा। उपसंचालक कृषि श्री गुप्ता ने बताया कि कृषकों को प्रति हेक्टेयर के मान से बेसल डोज एवं टॉप ड्रेसिंग के लिए उर्वरक की मात्रा दी जायेगी। उन्होंने बताया कि बोनी के समय प्रति हेक्टेयर खेत के लिए गेहूं के लिए 2 बेग यूरिया, 7 बेग सुपर फास्फेट व 2 बेग पोटाश उर्वरक दी जायेगी। बोनी के 20 दिन बाद किसान को 2 बेग यूरिया पुनः दी जायेगी। इसी तरह चने की फसल के लिए बोनी के समय प्रति हेक्टेयर खेत के लिए 2 बेग डीएपी, 2 बेग सुपर फास्फेट व 2 बेग पोटाश उर्वरक दी जायेगी। मक्का की फसल के लिए बोनी के समय प्रति हेक्टेयर खेत के लिए 2 बेग यूरिया, 7 बेग सुपर फास्फेट व 2 बेग पोटाश उर्वरक दी जायेगी। बोनी के 20 दिन बाद किसान को 2 बेग यूरिया पुनः दी जायेगी।

No comments:

Post a Comment