नए शिक्षा सत्र से पूर्व स्कूलों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जायंे
- कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल
खण्डवा 17 जून, 2019 - अगले कुछ दिनों में नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ होगा। शिक्षा सत्र प्रारंभ होने से पूर्व स्कूलों में सभी मूलभूत आवश्यकता सुविधाएं सुनिश्चित की जाये। कक्षा 1 में प्रवेश लेने वाले बच्चों के जाति प्रमाण पत्र तैयार करने के लिए अभी से तैयारी शुरू करें। साथ ही स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरे व जीपीएस सिस्टम की उपलब्धता भी परिवहन विभाग द्वारा स्कूलों में जाकर चैक की जाये। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने बैठक में सर्पदंश व अन्य प्राकृतिक आपदाओं से पीड़ित परिवारों को राजस्व पुस्तक परिपत्र के नवीनतम प्रावधानों के अनुसार राहत राशि उपलब्ध कराने के लिए सभी एसडीएम को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन प्रकरणों में प्राकृतिक आपदाओं से मृत व्यक्तियों के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट अधिकतम 3 दिवस में जारी हो जाये ताकि रिपोर्ट के अभाव में राहत राशि के भुगतान में समस्या न आएं।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने नगरीय निकायों की मतदाता सूचियों संबंधी कार्य राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के लिए सभी तहसीलदारों व एसडीएम से कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कन्याओं के विवाह के लिए बढ़ी हुई दर से प्रोत्साहन राशि भुगतान करने के निर्देश बैठक में दिए। उन्होंने किसान सम्मान निधि तथा जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत शेष कार्यवाही को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश भी कृषि व सहकारिता विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने प्याज प्रोत्साहन योजना के तहत प्याज विक्रय करने के लिए मंडी में आने वाले किसानों के कृषि उत्पादन की पूरी जांच करने के बाद प्याज क्रय करने के लिए कहा, ताकि पात्र किसान ही इस योजना का लाभ उठा सके, व्यापारी या अन्य अपात्र किसान योजना का लाभ न ले सके।
No comments:
Post a Comment