AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Thursday 29 July 2021

15 अगस्त को गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जायेगा स्वतंत्रता दिवस

 15 अगस्त को गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जायेगा स्वतंत्रता दिवस 
मुख्यमंत्रीजी के संदेश का वाचन होगा व प्रमुख शासकीय भवनों पर की जायेगी रोशनी 

खण्डवा 29 जुलाई, 2021 - सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित करने संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए है। नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के कारण जारी आयोजन की रूपरेखा अनुसार राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रातः 9 बजे के पूर्व शौर्य स्मारक में पुष्प अर्पित किए जाएंगे। तत्पश्चात प्रातः 9 बजे मुख्यमंत्री जी मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ध्वजारोहण करेंगे एवं प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। पुलिस, एस.ए.एफ., सी.आई.एस.एफ. जेल गार्ड, होम गार्ड की संयुक्त परेड आयोजित की जाएगी। संयुक्त परेड द्वारा मुख्यमंत्री जी को “गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। 

          जिला स्तर पर विधानसभा अध्यक्ष अथवा मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसकी जिलेवार सूची सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी की जाएगी। प्रतिवर्ष अनुसार राष्ट्र गान एवं पुलिस, होमगार्ड्स, एसएएफ इत्यादि द्वारा परेड का आयोजन किया जाएगा। मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया जाएगा। संदेश के अलावा कोई वाचन नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा सुनिश्चित की जाएगी। जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष या प्रशासनिक समिति के प्रधान द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्रगान गाया जाएगा। जनपद पंचायत कार्यालय में जनपद पंचायत अध्यक्ष या प्रशासनिक समिति के प्रधान द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्रगान गाया जाएगा। ग्राम पंचायत कार्यालय में सरपंच या प्रशासनिक समिति के प्रधान द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्रगान गाया जाएगा।

          ऐसे जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत जहां निर्वाचित अध्यक्ष प्रशासनिक समिति के प्रधान उपलब्ध नहीं होने की दशा में कार्यालय प्रमुख द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद कार्यालय में महापौर या अध्यक्ष (जहां निर्वाचित महापौर और अध्यक्ष कार्यरत हैं) द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। शेष नगरीय निकायों में आयुक्त या मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। जिले से संबंधित सभी माननीय संसद सदस्य, विधायकगण, महापौर, पार्षद एवं अन्य नागरिकों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। कार्यालय प्रमुख द्वारा प्रातः 8 बजे अपने विभाग के अधिकारी, कर्मचारी को एकत्रित कर कार्यालय भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा इस अवसर पर राष्ट्रगान गाया जाएगा। समस्त शिक्षण संस्थाओं में पूर्व वर्षों की भांति प्रातः 8 बजे या इसके पूर्व ध्वजारोहण व राष्ट्रगान का सामूहिक गान किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को शामिल नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक चिकित्सा की आवश्यक व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगा। विभिन्न समाचार पत्रों में स्वतंत्रता दिवस पर जारी किए जाने वाले विज्ञापनों को स्वतंत्रता संग्राम के संदेशों पर केन्द्रित किया जाएगा एवं विज्ञापनों को इस प्रकार नियोजित किया जाए कि 15 अगस्त 2021 को प्रदेश के समाचार पत्रों में शहीदों जिसमें मध्यप्रदेश के शहीद भी शामिल हो, के सम्बन्ध में संदेश प्रसारित हो सके। स्वतंत्रता दिवस 2021 के अवसर पर प्रदेश में स्थित मुख्य सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों में 14 एवं 15 अगस्त 2021 रात में प्रकाश की व्यवस्था की जाए। इस संबंध में होने वाला व्यय संबंधित प्रशासकीय विभाग अपने विभागीय बजट से करेगें।

            कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए समस्त कलेक्टरों के द्वारा या उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों एवं प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को घर जाकर शाल, श्रीफल से सम्मानित किया जाएगा। नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के संबंध में जारी भारत सरकार, गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा कोविड-19 से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों एवं राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी किए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment