AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Sunday, 11 April 2021

जिला अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों की बेहतर देखभाल करें

 जिला अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों की बेहतर देखभाल करें


खण्डवा 11 अप्रैल, 2021 -  जिला अस्पताल परिसर पहुंचकर वहां कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं की कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि कोविड केयर सेंटर के प्रवेश द्वार पर रिसेप्शन काउंटर स्थापित कर वहां आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी देने की व्यवस्था की जाये, ताकि उन्हें परेशानी न हो। उन्होंने कोविड केयर सेंटर के बाहर बेरिकेटिंग कराने व वहां सुरक्षा कर्मी तैनात करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अनंत पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान, आरएमओ डॉ. शक्ति सिंह राठौर व एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ. योगेश शर्मा सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। 

ऑक्सीजन सप्लाय सेंटर देखा

कलेक्टर श्री द्विवेदी ने इस दौरान ऑक्सीजन सप्लाय सेंटर जाकर वहां की व्यवस्थाएं भी देखीं तथा उपस्थित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन सप्लाय निर्बाध रूप से चलती रहें, इसमें किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा विद्युत प्रदाय बाधित होने पर जनरेटर स्वतः चालू हो जायें, इस तरह की व्यवस्था रखें। जनरेटर में पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध रहे। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने डीन डॉ. पंवार से कहा कि ऑक्सीजन प्रदाय करने वाली कम्पनी के सतत सम्पर्क में रहें तथा आगे से आगे ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित होती रहे, यह प्रयास करें। 

मरीजों को पर्याप्त व बेहतर भोजन उपलब्ध करायें

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री द्विवेदी ने डीन व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि कोविड केयर सेंटर में भर्ती मरीजों की संख्या के मान से उनके लिए पर्याप्त व गुणवत्ता युक्त भोजन की व्यवस्था दोनों समय के लिए की जायें। उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूह के माध्यम से भोजन तैयार कराया जा सकता है। उन्होंने अस्पताल परिसर में बाहर से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए रेन बसेरा भी चालू रखने के लिए कहा, ताकि परिजनों को परेशानी न हो। 

शौचालय की लगातार सफाई होती रहें

  कलेक्टर श्री द्विवेदी ने मेडिकल कॉलेज के डीन व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि कोविड वार्ड में मरीजों की संख्या चूंकि बढ़ रही है, ऐसे में शौचालय की सफाई व्यवस्था में भी अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए जायें और यह प्रयास किया जायें कि हर 2 घंटे में शौचालय नियमित रूप से साफ किए जाते रहें। 

स्वीकृति की प्रत्याशा में कोई कार्य न रोके

कलेक्टर श्री द्विवेदी ने भ्रमण के दौरान निर्देश दिए कि कोविड केयर सेंटर में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डीन व मुख्य चिकित्सा अधिकारी अपने स्तर से परिस्थिति अनुसार त्वरित निर्णय लें, स्वीकृति या कागजी लिखा पढ़ी के इंतजार में कोई कार्य न रोके। मरीजों के हित में हर तरह की स्वीकृति दी जायेगी। 

ड्यूटी पर डॉक्टर नियमित रूप से उपस्थित रहें, अन्यथा होगी कार्यवाही

कलेक्टर श्री द्विवेदी ने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि मरीजों की भर्ती संख्या को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी डॉक्टर्स की संख्या भी बढाई जायें। उन्होंने कहा कि डॉक्टर अपनी निर्धारित ड्यूटी अवधि में आवश्यक रूप से उपस्थित रहे। अनुपस्थित पाए जाने पर ड्यूटी डॉक्टर के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।

No comments:

Post a Comment