AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Wednesday, 11 January 2017

ई शक्ति अभियान का प्रथम दिवस संपन्न

ई शक्ति अभियान का प्रथम दिवस संपन्न

खण्डवा 11 जनवरी, 2017 - जिला ई गवर्नेंस सोसाइटी खंडवा द्वारा 10 जनवरी से 16 जनवरी तक सम्पूर्ण जिले में ई शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में विविध विभागों के अंतर्गत कार्यरत महिला कर्मचारियों एवं स्कूल कालेज की छात्राओ को कंप्यूटर, इंटरनेट, यूनिकोड, कैशलेस ट्रांसेक्शन आदि विषयों पर जानकारी दी जा रही है। अभियान के प्रथम दिवस जिला मुख्यालय पर स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय खंडवा में आंगनवाड़ी सहायिकाओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ, जिसमें 2 बैच में लगभग 425 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य प्रशिक्षक लोकेश शर्मा द्वारा कंप्यूटर की आधारभूत जानकारी, इंटरनेट की जानकारी, यूनिकोड का प्रयोग, स्मार्टफोन के अनुप्रयोग विषयों पर बताया गया। वहीँ प्रशिक्षण सहायक अंकेश सोमानी द्वारा कैशलेस ट्रांसेक्शन, लोकसेवा, एमपी ऑनलाइन, आधार तथा ई गवर्नेंस के बारे में जानकारी दी गयी। प्रशिक्षण के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा भी आँगनवड़ी सहायिकाओं को मलेरिया, डेंगू, एनेमिया रोग से बचाव के तरीको के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रश्नोत्तरी आयोजित हुई जिसमे सफल 5 महिलाओ को जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस श्री अनिल चंदेल द्वारा ई मित्र के रूप में नामांकित कर ई मित्र कार्ड वितरित किये गए। जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस द्वारा बताया गया कि जिले में प्रत्येक विकासखंड पर ई शक्ति अभियान में ई मित्र बनाये जा रहे है। समस्त ई मित्रों को आगामी समय में निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जावेगा तथा इन्हें जिला ई गवर्नेंस टीम में सदस्य के रूप में डिजिटल इंडिया अभियान के विविध कार्यक्रमों में सहयोग लिया जावेगा। ई शक्ति अभियान के तहत द्वितीय दिवस आंगनवाड़ी सुपरवाइजर तथा कार्यकर्ताओं का बैच संचालित होगा।
इसी प्रकार विकासखंड स्तर पर अभियान के तहत प्रशिक्षण आयोजित हुआ। छेगाँवमाखन में प्रशिक्षक हेमलता कमलानी द्वारा 250 से अधिक आंगनवाड़ी सहायिकाओं को प्रशिक्षण दिया गया, वहीं पंधाना में प्रभारी सुश्री जानकी यादव की उपस्थिति में ब्रजेश खातरकर द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया लगभग 200 महिलाएं उपस्थित हुई। इसी प्रकार किल्लोद हरसूद खालवा तथा पुनासा में भी प्रशिक्षण दिया गया।

No comments:

Post a Comment