कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी के समन्वित प्रयास जरूरी - बैतूल सांसद श्री उईके
खण्डवा 7 अप्रैल, 2021 - कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए केवल शासकीय प्रयास ही पर्याप्त नही है, बल्कि नागरिकों को भी इसके लिए बराबर से भागीदारी करना होगी। सभी के समन्वय प्रयासों से ही कोरोना संक्रमण पर काबू पाया जा सकेगा। यह बात बैतूल क्षेत्र के सांसद श्री दुर्गादास उईके ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहीं। इस दौरान खण्डवा विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सेवादास पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री हरीश कोटवाले, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री गुरमित सिंह उबेजा, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अनंत पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान सहित विभिन्न सदस्य व विभागीय अधिकारी मौजूद थे। सांसद श्री उईके ने बैठक में कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में सोशल डिस्टेंसिंग के प्रावधानों का पालन न करने वालों तथा सार्वजनिक स्थलों पर मास्क न लगाने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाये।
बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बताया कि जिला प्रशासन ने चलित मोबाइल इकाई स्थापित कर शहरी क्षेत्र में मास्क न लगाने वालों से अर्थदण्ड की राशि वसूली जा रही है तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध भी कार्यवाही जारी है। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कहा कि पान की दुकानों, रेस्टोरेंट व होटलों में अनावश्यक भीड़भाड़ होने पर उनके विरूद्ध भी कार्यवाही की जा रही है। रेस्टोरेंट व होटल संचालकों को समझाइश दी गई है कि वे किसी भी स्थिति में अपने प्रतिष्ठान में भीड़भाड़ न होने दें। उन्होंने बताया कि धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए गए है, जिसके तहत सार्वजनिक स्थलों पर 5 या 5 से अधिक लोगों को एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि ऐसे दुकानदार जिनके परिवार के सदस्य कोरोना संक्रमित हो गए है वे दुकान न खोले, क्योंकि ऐसे में वहां आने वाले ग्राहकों व दुकान के कर्मचारियों को भी संक्रमित होने का पूरा खतरा रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि संक्रमित व्यक्ति या उसके परिवारजन दुकान संचालित करते है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
No comments:
Post a Comment