AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday, 8 May 2020

स्वसहायता समूह की सराहनीय पहल,‘खेत से सीधे घर तक‘ पहुंचेगी ताजी सब्जी

स्वसहायता समूह की सराहनीय पहल,‘खेत से सीधे घर तक‘ पहुंचेगी ताजी सब्जी  
स्वसहायता समूह की महिलाएं वाहन से राशन सामग्री की घर पहुंच सेवा भी शुरू करेंगी


खण्डवा 8 मई, 2020 - खण्डवा में लॉकडाउन के दौरान ग्राम बोरगांव खुर्द की रिद्धी सिद्धी महिला स्वसहायता समूह ने एक सराहनीय पहल करते हुए खेत से ताजी सब्जी व आवश्यक राशन सामग्री की घर पहुंच सेवा प्रारंभ की है। इस सेवा का शुभारंभ शुक्रवार को जिला पंचायत कार्यालय के परिसर में कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने किया। उन्होंने वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह भी उपस्थित थे। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल व श्री रोशन सिंह ने समूह की महिलाओं से सब्जी खरीदी और महिलाओं को इस नए व्यवसाय के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने महिलाओं को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भी समझाइश दी। इस दौरान जनपद खण्डवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महेन्द्र घनघोरिया, ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक सुश्री शकुंतला डिंडोरे, जिला प्रबंधक श्रीमती नीलिमा सिंह, श्रीमती रीना गुप्ता, सुश्री प्रीति ठाकुर भी मौजूद थीं। 
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश डे ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत खण्डवा विकासखण्ड के ग्राम बोरगांव खुर्द की 10 महिलाओं के स्वसहायता समूह ने अपने अपने खेतों से सब्जी विक्रय के लिए वाहन की व्यवस्था की। इस वाहन के माध्यम से समूह की महिलाएं कन्टेन्मेंट क्षेत्र को छोड़कर शहर के विभिन्न मोहल्लों में जाकर सब्जी विक्रय करेंगी। समूह की सदस्य श्रीमती कोकिला तिरोले ने बताया कि शीघ्र ही उनका समूह सब्जी के साथ साथ किराना सामग्री की चलित दुकान भी प्रारंभ करेगा, ताकि लॉकडाउन के दौरान नागरिकों को सब्जी व किराना खरीदने में परेशानी न हो। समूह की श्रीमती कविता ने बताया कि खेत से सीधे शहर तक सब्जी लाने से नागरिकों को उचित मूल्य पर सब्जी उपलब्ध कराई जा सकेगी। बोरगांव खुर्द की रिद्धी सिद्धी महिला स्वसहायता समूह की कोकिला दीदी ने 20 हजार रूपये का ऋण समूह से सब्जी व किराना विक्रय का व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए लिया है। 
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल व सीईओ श्री सिंह ने सब्जी खरीदकर किया शुभारंभ 
खेत से सीधे घर तक ताजी सब्जियां पहुंचाने के लिए ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा शुरू की गई सेवा के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल व जिला पंचायत सीईओ श्री सिंह ने सब्जी खरीदी। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने समूह की महिलाओं को समझाइश दी कि सब्जी विक्रय वाहन पर माइक लगाकर एनाउंसमेंट कराने की व्यवस्था भी की जाये, जिससे ग्राहकों को सब्जी विक्रय के इस वाहन के आने की सूचना मिल जाये और वे सब्जी खरीद सकें। सीईओ श्री सिंह ने महिलाओं को वाहन पर सब्जी व किराना विक्रय दर की सूची प्रदर्शित करने की सलाह दी।

No comments:

Post a Comment