AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Saturday, 16 May 2020

कोविड-19 संक्रमण से बचाव, नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु रखें सावधानियां

कोविड-19 संक्रमण से बचाव, नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु रखें सावधानियां 

खण्डवा 16 मई, 2020 - कोविड -19 संक्रमण से बचाव नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु विशेष सावधानियां बरतना अत्यंत आवश्यक है। इस विषय में संबधित अध्ययनों के साक्ष्य के आधार पर संक्रमण के फैलने के कारण एवं तदानुसार बचाव हेतु सावधानियों का पालन किया जाना आवश्यक पाया गया है। आने वाले निकट भविष्य में जनसामान्य को दैनिक दिनचर्या में पालन करने वाली सावधानियों के विषय में ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्री फैज अहमद किदवई ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन विषय पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। 
सुलभ शौचालय एवं सार्वजनिक शौचालय में रखे सावधानी
शौचालयों में कई जगह स्पर्श करने वाली सतहें जैसे दरवाजे के हैंडल , नल , दरवाजें आदि में फोमाइड ट्रांसफर का जोखिम अधिक होता है। इसके लिए पब्लिक शौचालय का उपयोग विशेष सावधानी के साथ किया जाना चाहिए। यथा संभव सुलभ शौचालय एवं सार्वजनिक शौचालय के उपयोग से बचा जाये। आवश्यक हो तो फेस मास्क का उपयोग कर शौचालय का उपयोग करें। कम से कम चीजें तथा सतह को स्पर्श करें। उपयोग उपरांत साबुन से अच्छी तरह से हाथ धोये तथा सेनेटाइजर का उपयोग कर हाथों को डिसइन्फेक्ट करे । 
खांसी , छींक , बोल - चाल तथा सामान्य श्वसन क्रिया
यह देखने में आया है कि खांसी , छींक , बोल - चाल तथा सामान्य श्वसन क्रिया के दौरान शरीर से छोटी - छोटी बूंदे निकलती है जो संक्रमण का कारक होती है। एक खांसी या छींक में बूंदों में 20 करोड वायरस के कण हो सकते है , जो वातावरण में फैल सकते है और कुछ सेंकड में एक कमरे से दूसरे कमरे में फैल सकती है। छींकने और खांसने में भारी मात्रा में वायरस का विस्तार होता है। इसके लिए सामान्यतः प्रतिदिन अधिकतर समय फेस मास्क का उपयोग करना सुनिश्चित करें, सोशल डिस्टेंसिग का पालन करें तथा आपस में कम से कम दो मीटर की दूरी का फासला रखें। 
संकमण फैलने की दृष्टि से अधिक खतरे वाले स्थान
बंद कमरे या क्लोज्ड स्पेस जहां एक समय में अधिक लोग रहते है तथा जहा रोशनी एवं हवा की भी कमी है जैसे विवाह समारोह , अन्तेष्टी , जन्मदिन , कॉन्फेरेंस , रेस्टोरेंट्स इत्यादि में संक्रमण का सबसे अधिक खतरा होता है। इसके लिए ऐसे स्थानों पर अनिवार्य रूप से फेस मास्क का उपयोग करना सुनिश्चित करें। हॉल , कमरे इत्यादि की खिड़कियां खोलकर रखें। यदि सेन्ट्रल एयरकंडिशनिंग स्थापित हो तो यथा संभव उसे बंद रखा जाये, पंखों का उपयोग किया जाये। बैठक व्यवस्था में आपस में कम से कम दो मीटर की दूरी का फासला रखें तथा सोशल डिस्टेंसिग का पालन अनिवार्य रूप से करे 
कार्यस्थल पर रखे सावधानी
शासकीय एवं निजी कार्यालय, बैठक कक्ष, संक्रमण का खतरा संकमित व्यक्ति के साथ अधिक समय बिताने तथा कमरे के हवादार अथवा बंद होने पर निर्भर करता है। इसके लिए ऐसे स्थानों पर अनिवार्य रूप से फेस मास्क का उपयोग करना सुनिश्चित करें, प्रवेश द्वारों पर सेनेटाइजर की उपलब्धता तथा थर्मल स्क्रीनिंग की जाना आवश्यक है। हॉल, कमरे इत्यादि की खिड़कियां खोलकर रखें। यदि सेन्ट्रल एयरकंडिशनिंग स्थापित हो तो यथा संभव उसे बंद रखा जाये, पंखों का उपयोग किया जाये। बैठक व्यवस्था में आपस में से कम दो मीटर की दूरी का फासला रखें तथा सोशल डिस्टेंसिग का पालन अनिवार्य रूप से करे। उल्लेखनीय है कि 90 प्रतिशत संकमण का स्त्रोत घर , कार्यस्थल , पब्लिक ट्रांसपोर्ट , सामाजिक कार्यक्रम , रेस्टोरेंट होते है जहां संक्रमण होने की संभावनाएं अधिक होती है। अतः आवश्यक है कि सावधानियों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाये। 
इनका रखें ध्यान
सोशल डिस्टेसिंग , फेस मास्क का उपयोग , नियमित अंतराल में साबुन से हाथ धोना, बंद कमरे में न रहना , भीड -भाड वाली जगह में न जाये, सार्वजनिक शौचालयों का उपयोग न करें, खुली हवादार एवं सीमित व्यक्तियों के स्थान पर ही बैठे, अनावश्यक चेहरे या अन्य अंगों को स्पर्श न करें। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्री फैज अहमद किदवई ने संबंधित अधिकारियों को इन सावधानियों के पालन करने के विषय में जन सामान्य को समझाइश देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया किइन बिन्दुओं के विषय में सभी निजी एवं शासकीय कार्यालयों में जानकारी दी जाये तथा बार बार छूने वाली सतह को डिस्इंफेक्ट किया जाये । इस संबंध में मैदानी स्वास्थ्य सेवा प्रदायकर्ता को भी जानकारी दी जाये। इन सावधानियों के पालन से हम कोविड -19 के संक्रमण से बचाव किया जा सकता है। 

No comments:

Post a Comment