AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Monday, 14 September 2020

प्रदेश में 16 से 25 सितम्बर तक मनाया जायेगा जनकल्याण पखवाड़ा

 प्रदेश में 16 से 25 सितम्बर तक मनाया जायेगा जनकल्याण पखवाड़ा

जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में की समीक्षा


खण्डवा 14 सितम्बर, 2020 - प्रदेश में 16 सितम्बर से जनकल्याण के कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हो रही है। यह श्रृंखला पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिवस 25 सितम्बर तक निरंतर चलेगी। इस दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने बैठक में बताया कि 16 सितम्बर को मध्यप्रदेश के ऐसे गरीब भाई-बहनों को राशन का वितरण शुरु किया जा रहा है, जिनके पास पात्रता पर्ची नहीं है। उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रदेश के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों को पोषण आहार के साथ ही दूध का वितरण भी प्रारंभ किया जा रहा है। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने बताया कि 18 सितम्बर को किसानों के खातों में फसल बीमा योजना की राशि खातों में अंतरित की जायेगी, इसके लिए उप संचालक कृषि श्री आर.एस. गुप्ता को सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण मौजूद थे।

बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने बताया कि 19 सितम्बर को वनाधिकार के पट्टे पात्र आदिवासी भाईयों-बहनों को प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ग्रामीण क्षेत्र में रेहड़ी वाले, फल बेचने वाले, खिलौने बेचने वाले और अन्य स्ट्रीट वेंडर्स को 10 हजार रुपये की ब्याज मुक्त ऋण राशि का वितरण किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी ऐसे हितग्राहियों की सूची तैयार कर लें जिन्हें ये लाभ दिया जायेगा। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने बताया कि 20 सितम्बर को संबल योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित करने का कार्य भी किया जाएगा। इसके लिए श्रमायुक्त को संबल योजना के पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार कर उन्हें लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 21 सितम्बर को स्व-सहायता समूहों को मजबूत बनाने का नया अभियान शुरु हो रहा है। इसके अंतर्गत अलग-अलग स्व-सहायता समूहों के खाते में राशि जमा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को लेपटॉप के लिए राशि वितरण का कार्य 22 सितम्बर को किया जाएगा, इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने बताया कि 23 सितम्बर को प्रधानमंत्री किसान योजना के हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड दिया जाएगा। एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं समाज में आर्थिक रूप से सबसे कमजोर तबके के कल्याण का विचार देने वाले पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितम्बर के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा बिजली के बिलों में दी गई रियायत के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। 

बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि पात्रता पर्ची में आधार सीडिंग का कार्य समय सीमा में पूर्ण कर लिया जायें, जिससे हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने सभी जनपद पंचायत के सीईओ को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों के नाम पात्रता पर्ची में नहीं है और वे आधार सीडिंग के कारण रूके हुए है, तो उनके आधार कार्ड बनवाये जायें। उन्होंने बैठक में कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर जिन लोगों के आधार कार्ड नहीं है, उनके आधार कार्ड बनवाये जायें। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का निराकरण समय सीमा में गंभीरता के साथ पूर्ण करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का निराकरण समय सीमा में नहीं किया जायेगा, तो उनके विरूद्ध वेतन काटने की कार्यवाही की जायेगी। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत को संतुष्टीपूर्ण जवाब दें और आवेदनों का निराकरण करें।

No comments:

Post a Comment