AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday, 14 August 2020

अधिकारी कर्मचारियों ने संकल्प पत्र पर किए हस्ताक्षर

 अधिकारी कर्मचारियों ने संकल्प पत्र पर किए हस्ताक्षर
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने अधिकारी कर्मचारियों को ‘सहयोग से सुरक्षा अभियान‘ संबंधी शपथ दिलाई

खण्डवा 15 अगस्त, 2020 - कोरोना संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम का कार्य स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों के सहयोग से किया जायेगा। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये आमजन के सहयोग से वृहद् स्तर पर जन-जागरूकता के लिये स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘‘सहयोग से सुरक्षा अभियान‘‘ प्रारंभ हुआ। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने उपस्थित सभी अधिकारी कर्मचारियों को इस अभियान से संबंधित शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सीमा अलावा, श्री प्रकाश परिहार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। सभी अधिकारी कर्मचारियों ने संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर भी किए। ़

         उल्लेखनीय है कि ‘‘सहयोग से सुरक्षा अभियान‘‘ के तहत स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के साथ-साथ अन्य विभागों जैसे महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, ग्रामीण विकास, वन विभाग, पंचायती राज, उच्च शिक्षा, नगरीय विकास, जनसम्पर्क, आयुष, राजस्व, आदिम जाति कल्याण आदि विभागों के सहयोग से कोविड-19 से बचाव एवं रोकथाम के लिये व्यापक-स्तर पर जनजागरूकता के लिये यह अभियान संचालित किया जायेगा। इस अभियान के लिये स्थानीय कलाकारों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक गुरुओं तथा स्व-सहायता समूहों के सहयोग से प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जोड़कर कोविड से बचाव के लिये व्यवहार-परिवर्तन करना होगा। इस अभियान के माध्यम से लोगों को कोरोना संक्रमण के साथ खुद को बचाते हुए जीवन जीने, सुरक्षा उपायों को जीवनशैली का अंग बनाने, परिवर्तित व्यवहारों को स्थायी बनाने, सूचना-तंत्र को सुदृढ़ कर भ्रामक जानकारियों का खंडन कर लोगों तक सही जानकारी पहुँचाने, कोरोना खत्म करने के लिये जन-प्रतिनिधियों, मीडिया और समाज की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जायेगा। 

No comments:

Post a Comment