सी.एम. हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण करें
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
खण्डवा 17 अगस्त, 2020 - सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जायें तथा निराकरण उपरांत संबंधित आवेदक से चर्चा कर उसकी पूर्ण संतुष्टि होने पर ही सी.एम. हेल्पलाइन के पोर्टल से हटाया जाये। यह निर्देश कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतनें वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जायें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे, सहायक कलेक्टर श्री श्रेयांश कुमट सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने निर्देश दिए कि शासकीय अस्पतालों में बनाए गए पोषण पुनर्वास केन्द्रों में निर्धारित क्षमता के अनुसार कुपोषित बच्चें भर्ती कराये जायें तथा सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी पलंग खाली न रहें। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास को निर्देश दिए कि जो सुपरवाईजर या परियोजना अधिकारी इस कार्य में रूचि न लें उनके विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करें। कलेक्टर श्री द्विवेदी अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री जगदीश बिल्लौरे को निर्देश दिए कि शासन के निर्देश अनुसार ट्रेक्टर ट्रालियों के पिछले हिस्से में रेडियम रिफ्लेक्टर लगवाये जायें, इसके लिए उन्होंने विशेष अभियान प्रारंभ करने के निर्देश दिए। एआरटीओ श्री बिल्लौरे ने बताया कि कृषि उपज मण्डियों एवं प्रमुख मार्गो पर विशेष शिविर लगाकर ट्रेक्टर ट्रॉलियों के पिछले हिस्से में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने की कार्यवाही प्रारंभ की जायेगी।
No comments:
Post a Comment