जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न
खण्डवा 14 अगस्त, 2020 - आगामी दिनों में मनाए जाने वाले सभी धार्मिक पर्वो को आपसी सद्भाव के साथ मिलजुलकर मनाएं। यह अपील कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों से की। उन्होंने कहा कि धारा 144 के तहत गत दिनों जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुसार जिले में धार्मिक पर्वो के सामूहिक रूप से आयोजन, जुलूस, रैली के आयोजन, सार्वजनिक स्थलों पर मूर्ति व ताजियों की स्थापना पर प्रतिबंध लगा हुआ है। सभी इन प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि जिले की शांति व्यवस्था बनाये रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में खण्डवा विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे सहित विभिन्न अधिकारी व शांति समिति के सदस्यगण मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने सभी से अनुरोध किया कि धार्मिक पर्वो को अपने परिवार के साथ घरों पर ही मनाएं, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग के प्रावधानों का उल्लंघन न हो और कोरोना संक्रमण के फैलाव की आशंका भी न रहे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई विवादास्पद पोस्ट न करे, ऐसा करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कहा कि पिछले दिनों शहर में हुई आपराधिक घटनों की पुनरावृत्ति आगे न हो यह सुनिश्चित करना शांति समिति के सभी सदस्यों व जिले के जिम्मेदार नागरिकों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि आगामी त्यौहारों में गणेश प्रतिमा 2 फीट से बड़ी नहीं बनाई जाये और न ही इससे बड़ी प्रतिमा स्थापित की जाये, यह सुनिश्चित किया जायेगा।
पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने बैठक में कहा कि शहर का माहौल खराब करने तथा शांति व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती, ऐसा करने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्वो के आयोजन के संबंध में आगामी दिनों में एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अपने अपने क्षेत्र में आयोजकों की अलग से बैठक लेकर विस्तृत चर्चा कर आयोजन की रूपरेखा तय करेंगे, ताकि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से सोशल डिस्टेंसिंग के प्रावधानों का पालन करते हुए गृह मंत्रालय के दिशा निर्देश अनुसार आयोजन सुनिश्चित किये जा सकें।
No comments:
Post a Comment