AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Monday, 15 April 2019

समर्थन मूल्य पर खरीदें गए गेहूं के सुरक्षित भण्डारण की व्यवस्था करें - कलेक्टर श्री गढ़पाले

समर्थन मूल्य पर खरीदें गए गेहूं के सुरक्षित भण्डारण की व्यवस्था करें
- कलेक्टर श्री गढ़पाले 

खण्डवा 15 अप्रैल, 2019 - इन दिनों न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूं खरीदी का कार्य चल रहा है। खरीदे गए गेंहू को समय समय पर भण्डारगृहों तक भिजवाया जाता रहे। साथ ही उपार्जन केन्द्र पर खुले में रखे गेहूं को तिरपाल से ढकवाने की व्यवस्था भी की जाये, ताकि अचानक बारिश होने से गेहूं खराब न हो। यह निर्देश कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम, जिला विपणन अधिकारी व जिला प्रबंधक वेयर हाउस कार्पोरेशन को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए गेहूं उपार्जन की कार्यवाही को बेहतर तरीके से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि गेहूं के परिवहन में वाहनों की समस्या आए तो अपने क्षेत्र के एसडीएम के माध्यम से निर्धारित दर पर वाहनों की व्यवस्था करें। 
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने सभी एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देश दिए कि फसल की बुआई से पहले ग्रामीण क्षेत्र में सीमांकन का लंबित कार्य विशेष अभियान के रूप में पूर्ण करा लें। उन्होंने नागचून तालाब के गहरीकरण के लिए व्यवस्थित कार्य योजना बनाकर कार्य करने के लिए नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने नगरीय क्षेत्र में नालों की साफ सफाई वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व कराने के लिए भी सभी मुख्य कार्यपालिका अधिकारियों तथा नगर निगम आयुक्त खण्डवा से कहा। उन्होंने लोकसभा निर्वाचन के लिए गठित उड़नदस्ता दलों को सक्रिय करने तथा आचार संहिता उल्लंघन संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश भी सभी एसडीएम को दिए गए। उन्होंने सभी मण्डी समितियों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखने के लिए भी एसडीएम से कहा। 
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र ने बैठक में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायत सचिवों की बैठक लेकर वे ग्रामीण क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता के पालन के संबंध में निर्देश जारी करें। उन्होंने कहा कि सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में स्थित मतदान केन्द्रों पर पेयजल, छांव, शौचालयों, विद्युत कनेक्शन, रैम्प निर्माण के संबंध में पंचायत सचिवों से कार्य कराकर पालन प्रतिवेदन लिखित में प्राप्त करें।

No comments:

Post a Comment