AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday, 7 May 2021

अपने गांव को ‘‘कोरोना मुक्त गांव‘‘ बनाने की पहल करें

 अपने गांव को ‘‘कोरोना मुक्त गांव‘‘ बनाने की पहल करें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों से अपील की
प्रदेश के 75 लाख किसानों के खाते में 2-2 हजार रू. जमा किए गए

खण्डवा 7 मई, 2021 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगल क्लिक के माध्यम से शुक्रवार को ‘‘मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना‘‘ के तहत प्रदेश के 75 लाख किसानों के खाते में 2-2 हजार रूपये प्रति किसान के मान से कुल 1500 करोड़ रूपये अंतरित किए। उन्होंने बताया कि ‘‘मुख्यमंत्री किसान-कल्याण सम्मान निधि योजना‘‘ के तहत प्रतिवर्ष 4 हजार रूपये दो समान किश्तों में किसानों के खाते में जमा किए जाते है। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रतिवर्ष तीन किस्तों में 2-2 हजार रूपये भी किसानों के खाते में जमा किए जाते हैं। इस प्रकार प्रदेश के किसानों को अब कुल 10 हजार रूपये प्रतिवर्ष किसान सम्मान निधि मिल रही है।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण की गति को नियंत्रित करने के उद्देश्य से कोरोना कर्फ्यू का सभी को सख्ती से पालन करना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने गांव को कोरोना मुक्त गांव बनाने के लिए पहल करे तथा गांव के लोगों को घर से बाहर न निकलने की समझाइश दें। उन्होनें कहा कि विकासखण्ड व ग्राम पंचायत स्तर पर भी क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप गठित किए जायेंगें। ब्लॉक स्तरीय ग्रुप में एसडीएम व क्षेत्रीय विधायक शामिल रहें। ग्राम पंचायत स्तरीय ग्रुप में सचिव, सरपंच व ग्राम रोजगार सहायक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल किए जायेंगे, जो कि स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से निर्णय ले सकें। कलेक्ट्रेट खण्डवा के वी.सी. रूम में अपर कलेक्टर श्री एस.एल. सिघाड़े, अधीक्षक भू अभिलेख श्रीमती स्वाति मिश्रा सहित विभिन्न अधिकारी व किसान प्रतिनिधि मौजूद थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर कहा कि किल कोरोना-3 अभियान के तहत सर्वे दल ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में घर घर जायेंगे तथा जुकाम, खांसी, बुखार के लक्षण वाले लोगों को चिन्हित कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित करेंगे। उन्होंने कि गरीब परिवारों को 25 किलो प्रति सदस्य के मान से मुफ्त खाद्यान्न दिया जा रहा है, ताकि लॉकडाउन के कारण यदि गरीब लोग मजदूरी के लिए न जा सके तो भी उनके घर खाद्यान्न की कमी न हो। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी से अपील की कि अगले कुछ दिनों तक शादी, ब्याह समारोह आयोजित न करे, क्योंकि इस तरह के सामूहिक कार्यक्रमों से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता है।

No comments:

Post a Comment