कावेरी नदी के पुर्नजीवन हेतु शेष निर्माण कार्य आज ही प्रारम्भ करें
- कलेक्टर श्री गढ़पाले
खण्डवा 9 मार्च , 2019 - नदी पुर्नजीवन कार्यक्रम के तहत जिले में कावेरी नदी का चयन किया गया है। इस नदी के मार्ग में छैगांवमाखन विकासखण्ड की 8 पंचायतें, खण्डवा विकासखण्ड की 7 व पुनासा की 20 ग्राम पंचायतों के कुल 50 गांव पड़ते है। इस नदी के पुर्नजीवित होने से इन गांवों के ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। इस नदी का केचमेंट एरिया 47091 हेक्टेयर है। कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने रविवार को आर सेटी के सभाकक्ष में तीनो विकासखंडों के उपयंत्रियों पंचायत सचिवों व जनपद पंचायतों के मुख्य कार्य पालन अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें निर्देश दिये कि इस नदी के पुर्नजीवन के लिए स्वीकृत निर्माण कार्य आज ही प्रारम्भ किये जाए, क्योंकि आदर्श आचरण संहिता लागू होने के बाद कोई भी नया निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सकेगा। बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने तीनों विकासखंडों के पंचायत सचिवों व उपयंत्रियों से चर्चा कर नदी पुर्नजीवन कार्यक्रम के तहत स्वीकृत एक-एक निर्माण कार्य की विस्तार से समीक्षा की । उन्होंने कहा कि नदियां हमें बहुत कुछ देती हैं लेकिन अब नदी पुर्नजीवन कार्यक्रम के तहत हमें अवसर मिला है कि हम भी नदियों के लिये कुछ कर सकें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र ने कहा कि नदी पुर्नजीवन कार्यक्रम के तहत स्वीकृत कार्य मिशन मोड में करायें। बैठक में बताया गया कि नदी पुर्नजीवन कार्यक्रम के तहत जिले में लगभग 2 करोड रु. से अधिक के कार्य स्वीकृत किये गये हैं, जिनकी प्रगति की समीक्षा हर सप्ताह की जाएगी।


No comments:
Post a Comment