ग्राम व खण्ड स्तरीय क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठक नियमित रूप से करें
खण्डवा 12 मई, 2021 - गृह विभाग द्वारा कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम व मॉनिटरिंग के उद्देश्य से गांव व विकासखण्ड स्तर पर भी क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप गठित करने के आदेश जारी किए गए है। प्रत्येक मंगलवार को गांव स्तर पर तथा बुधवार को विकासखण्ड स्तर पर क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जायें। यह निर्देश कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक में दिए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, सहायक कलेक्टर श्री श्रेयांश कुमट सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
ग्रामीण क्षेत्र में भी संस्थागत क्वारेंटीन सेंटर्स बनायें
बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने निर्देश दिए कि गांव के क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप के सदस्य गांव में यह सुनिश्चित करें कि मई माह में शादी, ब्याह का आयोजन कहीं भी न हो। उन्होंने कहा कि कोविड उपचार के लिए सरपंच द्वारा निर्धारित दवाइयों की सूची, कोरोना के लक्षण व अन्य सावधानियां संबंधी पेम्पलेट मुद्रित कराकर गांव गांव में वितरित कराये, ताकि लोगों में कोरोना रोग के प्रति जागरूकता रहे। उन्होंने कहा कि जुकाम, खांसी, बुखार के मरीजों को निर्धारित दवाइयां उपलब्ध कराई जायें। यदि किसी कोविड मरीज के घर में जगह कम है तो गांव के स्कूल या छात्रावास में संस्थागत क्वारेंटीन सेंटर स्थापित कर वहां उस मरीज को शिफ्ट करें, ताकि घर के अन्य सदस्यों को कोविड संक्रमण का खतरा न रहे।
गांव के टीकाकरण शिविर के बारे में प्रचार प्रसार करायें
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में निर्देश दिए कि पंचायत भवन व क्वारेंटीन सेंटर की मुख्य दीवाल पर जिला स्तरीय कोविड कमाण्ड सेंटर व कन्ट्रोल रूम का नम्बर अंकित करायें, ताकि ग्रामीणजन यदि कोई मार्गदर्शन चाहे या सूचना देना चाहे तो दे सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में टीकाकरण अधिक से अधिक हो इसके लिए जरूरी है कि टीकाकरण शिविरों के आयोजन से पूर्व गांव में उसका व्यापक प्रचार प्रसार हो। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि जिला अस्पताल के कोविड वार्ड व तहसील स्तरीय कोविड केयर सेंटर्स में पर्याप्त पलंग उपलब्ध है, जो मरीज घर पर उपचार के बावजूद स्वस्थ नही हो पा रहे है उन्हें पास के कोविड केयर सेंटर में भर्ती करायें, यदि वहां भी उनकी तबीयत में सुधार नही होता है तो जिले के कोविड वार्ड के लिए रैफर करवाये।
ग्रामीण बाजार पूर्णतः बंद रखे जायें
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से कहा कि वे अपने क्षेत्र में विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी को मरीजों के उपचार व व्यवस्था जैसे कार्यो में भरपूर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखण्ड में कोविड जागरूकता रथ संचालित किया जाये जिसके माध्यम से गांव-गांव में कोविड से बचाव के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के जिन वार्डो में कोविड मरीज अधिक है वहां जागरूकता रथ पहले भेजें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र के बाजार पूर्णतः बंद रहे यह सुनिश्चित किया जाये।
No comments:
Post a Comment