ग्राम व विकासखण्ड स्तरीय क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप गठित
खण्डवा 12 मई, 2021 - अपर कलेक्टर श्री एस.एल. सिंघाड़े ने गृह विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश के अनुक्रम में जिले के विकासखण्ड खण्डवा, पंधाना, हरसूद, पुनासा, किल्लौद, खालवा व छैगांवमाखन के लिए विकासखण्ड स्तरीय क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप गठित करने के आदेश जारी किए है। जारी आदेश अनुसार इस ग्रुप के अध्यक्ष संबंधित क्षेत्र के एसडीएम रहेंगे। सदस्य के रूप में इस ग्रुप में संबंधित क्षेत्र के एसडीओपी, विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी तथा संबंधित नगरीय निकाय के मुख्य नगर परिषद अधिकारी शामिल रहेंगे।
इसी प्रकार के क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप ग्राम स्तर पर भी गठित किए जायेंगे। जिसके अध्यक्ष, संबंधित पंचायत की प्रशासनिक समिति के अध्यक्ष होंगे। सदस्य के रूप में पंचायत सचिव, जनअभियान परिषद के सदस्य, महिला स्वसहायता समूह की सदस्य, राजनैतिक व सामाजिक कार्यकर्ता, प्रशासनिक समिति के गांव के सदस्य, ग्राम रोजगार सहायक, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, कोटवार व पटेल शामिल होंगे। जारी आदेश अनुसार विकासखण्ड स्तरीय क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठक बुधवार को तथा ग्राम स्तरीय क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठक हर मंगलवार को होगी।
No comments:
Post a Comment