हरसूद कोविड सेंटर के लिए 7 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर सौंपे वन मंत्री डॉ.शाह ने
खण्डवा 11 मई, 2021 - प्रदेश के वन मंत्री एवं खण्डवा जिले के कोविड प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने मंगलवार शाम को हरसूद के कोविड केयर सेंटर में उपयोग हेतु 7 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर मशीन भेंट की। इसमें वन मंत्री व हरसूद के क्षेत्रीय विधायक डॉ. शाह ने अपनी विधायक निधि से 3 मशीनें दी है, जबकि 4 अन्य मशीन समाजसेवियों द्वारा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही 4 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर मशीनें विधायक निधि से और दी जायेगी। इसके अलावा स्थानीय समाजसेवियों द्वारा कोविड मरीजों के उपयोग हेतु 15 वेपोराइजर मशीनें व 3 एयर कूलर भी भेंट किए। इस अवसर पर एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। वन मंत्री डॉ. शाह ने इस अवसर पर कहा कि खालवा व हरसूद के सरकारी अस्पतालों के लिए नई एम्बूलेंस शीघ्र ही उपलब्ध होगी, जिससे मरीजों की परेशानी कम होगी।
कोविड संक्रमण से बचने के लिए मास्क लगाकर ही घर से निकलें
वन मंत्री डॉ. शाह ने इस अवसर पर कोविड केयर सेंटर में तैनात चिकित्सकों के साथ साथ पैरामेडिकल स्टॉफ के कार्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में जब हम 5 मिनट भी पीपीई किट नहीं पहन सकते ऐसे में डॉक्टर्स व पैरामेडिकल स्टॉफ पीपीई किट पहनकर ड्यूटी कर रहे है तथा मरीजों की सेवा में लगे है। वन मंत्री डॉ. शाह ने इस अवसर पर कहा कि कोविड महामारी से निपटने के लिए प्रदेश सरकार दिन रात व्यवस्थाएं करने में जुटी है। प्रदेश सरकार के साथ साथ समाजसेवियों द्वारा भी कोविड मरीजों के उपचार के लिए तरह तरह की मशीनें भेंट की जा रही है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार नागरिकों के साथ है। वन मंत्री डॉ. शाह ने इस अवसर पर कहा कि कोविड संक्रमण से बचने का सबसे अच्छा उपाय है सोशल डिस्टेंसिंग। कोविड संक्रमण से बचने के लिए जरूरी है कि हम घर से बाहर ही न निकले, अपने घरों में ही सुरक्षित रहें। यदि घर से निकलना बहुत ही जरूरी हो तो घर से ही मास्क लगाकर निकलें, ताकि कोविड का वायरस हमारे शरीर को संक्रमित न कर सके।
डिस्चार्ज हुए मरीजों ने कोविड केयर सेंटर की व्यवस्थाओं की सराहना की
वन मंत्री डॉ. शाह ने कोविड केयर सेंटर से स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज हुए दो मरीजों दिनेश व श्यामलाल से चर्चा की। चर्चा के दौरान दोनों मरीजों ने हरसूद कोविड केयर सेंटर की व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि यहां डॉक्टर्स बहुत अच्छा इलाज कर रहे हैं तथा दवाइयां, खाना, नाश्ता, चाय भी समय पर मिलने से कोई परेशानी नहीं हुई। मरीजों ने बताया कि कोविड केयर सेंटर में साफ सफाई भी नियमित रूप से होती है।




No comments:
Post a Comment